उत्तराखंड: सुरंगों के मुहाने पर भूस्खलन, बिजलीघर में फंसे 19 कर्मचारियों में आठ को निकाला गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 08:02 PM
उत्तराखंड: सुरंगों के मुहाने पर भूस्खलन, बिजलीघर में फंसे 19 कर्मचारियों में आठ को निकाला गया
ऑडियो सुनें

पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में धारचूला के पास ऐलागाड़ क्षेत्र में रविवार को मूसलाधार बारिश के कारण 280 मेगावाट की धौलीगंगा विद्युत परियोजना की सुरंगों के मुहाने पर हुए भारी भूस्खलन से बिजलीघर के अंदर फंसे राष्ट्रीय जलविद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) के 19 कर्मचारियों में से आठ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि भूस्खलन से परियोजना की दोनों सुरंगों-सामान्य और आपातकालीन को जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया था जिससे उसके अंदर काम कर रहे 19 अधिकारी और कर्मचारी फंस गए थे.

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा, ‘घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल मलबा हटाने की कार्रवाई शुरू की. अभी 19 में से आठ लोगों को बाहर निकाल लिया गया है जबकि 11 अन्य को निकाले जाने की कार्रवाई की जा रही है.” उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है . इससे पहले, धारचूला के उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि ऊपर से लगातार मलबा गिरने के बावजूद सीमा सड़क संगठन और हालवेज कंपनी की जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है . उन्होंने बताया कि विद्युत परियोजना से बिजली उत्पादन सामान्य रूप से जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu