
मंगलुरु. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सेंट गेरोसा स्कूल की एक शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को यहां घंटाघर के पास विरोध-प्रदर्शन किया. शिक्षिका ने कक्षा में पढ़ाने के दौरान हिंदू धर्म के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी.
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के बाहर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों, वेदव्यास कामत और वाई. भरत शेट्टी, विहिप नेता शरण पंपवेल और पार्षदों भरत और संदीप गरोड़ी के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की.
आरोप है कि सेंट गेरोसा स्कूल की शिक्षिका प्रभा ने कक्षा में रवींद्रनाथ टैगोर की कविता ‘कार्य ही पूजा है’ पढ़ाते समय हिंदू धर्म के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उन्हें जांच लंबित रहने तक उनके पद से हटा दिया था.
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विहिप नेता शिवानंद ने मांग की कि पुलिस ”धर्म परिवर्तन के प्रयास” के आरोप में शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज करे. बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.



