कांग्रेस ने अचानक अजहरुद्दीन को मंत्री क्यों बनाया: किशन रेड्डी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Oct 2025 09:38 PM
कांग्रेस ने अचानक अजहरुद्दीन को मंत्री क्यों बनाया: किशन रेड्डी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को तेलंगाना में सत्तारू­ढ़ कांग्रेस से पूछा कि 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन को अचानक मंत्री क्यों बनाया जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान 31 अक्टूबर को तेलंगाना मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.

केंद्रीय कोयला एवं खदान मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस पार्टी को लोगों को बताना चाहिए कि वह जुबली हिल्स सीट (2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान) पर हारने वाले उम्मीदवार (अजहरुद्दीन) को अचानक मंत्री क्यों बना रही है. उपचुनाव में अब बस एक हफ्ता बाकी है, ऐसे में अल्पसंख्यकों के प्रति अचानक इतना प्रेम क्यों? किसके फायदे के लिए उन्हें मंत्री बनाया जा रहा है, किसे खुश करने के लिए?” रेड्डी ने आरोप लगाया कि दरअसल, एआईएमआईएम ही कांग्रेस की आड़ में जुबली हिल्स उपचुनाव लड़ रही है.

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोगों को कांग्रेस के कुटिल तरीकों को समझना चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर संदिग्ध तरीकों से जुबली हिल्स सीट जीतने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया. रेड्डी ने आरोप लगाया, “कांग्रेस, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को खुश करने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस इतनी हताश है कि वह उपचुनाव जीतने के लिए एआईएमआईएम के पैर पकड़ने, अजहरुद्दीन को मंत्री बनाने, राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर हमला करने, विपक्षी नेताओं को जेल भेजने के लिए तैयार है.” उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोगों को यह समझना चाहिए. रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कुछ लोगों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर उन्हें जेल भेज रही है और दबाव बनाकर दल-बदल को ब­ढ़ावा दे रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu