मोदी राजग-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराते हैं तो भाजपा के लिए प्रचार करूंगा: केजरीवाल

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की रविवार को चुनौती दी और वादा किया कि अगर प्रधानमंत्री इस मांग को पूरा करते हैं तो वह (केजरीवाल) भाजपा के लिए प्रचार करेंगे. केजरीवाल ने भाजपा को नवंबर में झारखंड तथा महाराष्ट्र में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव कराने की चुनौती दी और कहा कि ‘आप’ इसके लिए तैयार है.

उन्होंने ‘जनता की अदालत’ में एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ की राज्य सरकारों के नाकाम रहने का आरोप लगाया और हरियाणा तथा जम्मू-कश्मीर से उनके सत्ता से बाहर होने का अनुमान जताया. उन्होंने कहा, ”डबल इंजन सरकारों का मतलब महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगार है.” उन्होंने कहा, ”चुनाव-पूर्व सर्वेक्षण दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जल्द ही गिर जाएगी.” केजरीवाल ने अपने भाषण के दौरान छह ‘रेवड़ियों” का एक पैकेट ले रखा था और उन्होंने कहा कि प्रत्येक ”रेवड़ी” उनकी सरकार द्वारा उपलब्ध करायी छह सेवाओं – निशुल्क बिजली, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा को दर्शाती है.

उन्होंने घोषणा की कि ऐसे ही पैकेट जनता को बांटे जाएंगे और उन्होंने इसे ”प्रसाद” के तौर पर लेने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा, ”जब आप घर जाएं तो इसके साथ ‘पूजा’ करें और इसे दूसरों के साथ बांटें.” दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगाह किया, ”अगर गलती से आप भाजपा के लिए वोट करते हैं तो आपके सभी छह फायदे खत्म हो जाएंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो डीटीसी, सरकारी स्कूल और अस्पतालों जैसी सेवाओं को निजी संस्थाओं को सौंप दिया जाएगा.

केजरीवाल ने कहा, ”मोदी जी, दिल्ली में फरवरी में चुनाव हैं. भाजपा 22 राज्यों में सत्ता में है. इन राज्यों में बिजली निशुल्क करिए, मैं दिल्ली चुनावों में मोदी जी के लिए प्रचार करूंगा.” उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार नाकाम हो गयी है. उन्होंने कहा, ”हरियाणा में लोग उन्हें अपने गांवों में घुसने नहीं दे रहे हैं. लोग उनका विरोध कर रहे हैं.” ‘आप’ प्रमुख ने मणिपुर की स्थिति से निपटने के भाजपा के तरीके को विनाशकारी बताया और उस पर अपने शासन में सात साल तक राज्य को झुलसते रहने के लिए छोड़ने का आरोप लगाया.

केजरीवाल ने भाजपा के ‘डबल इंजन’ मॉडल को ”दोहरी लूट और दोहरा भ्रष्टाचार” बताया. उन्होंने भाजपा पर गरीब-विरोधी होने का आरोप लगाते हुए बस मार्शल और डाटा एंट्री ऑपरेटर हटाने के साथ ही प्रदेश में होम गार्ड का वेतन रोकने का हवाला दिया. केजरीवाल ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में कई लोगों की रोजी-रोटी छीनने का आरोप लगाते हुए कहा, ”भगवान से डरिए, आपको शर्म आनी चाहिए. वह आपको दंड देगा.” उन्होंने आरोप लगाया, ”दिल्ली में कोई लोकतंत्र नहीं है. प्रदेश में उपराज्यपाल का शासन है.” उन्होंने शहर को ”एलजी राज” से मुक्त कराने और पूर्ण राज्य का दर्जा देने का आ”ान किया.

उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में उनका इंसुलिन रोक दिया गया था. उन्होंने कहा, ”मेरी किडनी खराब हो सकती थी और मेरी जान जा सकती थी.” ‘आप’ नेता ने भाजपा पर दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया.

केजरीवाल ने मोदी के बड़े उद्योगपतियों से कथित तौर पर ”करीबी संबंध” होने पर भी निशाना साधा और कहा, ”मोदी जी का एक मित्र है जिसे केंद्र से सारे ठेके मिलते हैं.” उन्होंने कहा, ”मैंने केवल लोगों के लिए काम किया है, मैंने अपने या अपने परिवार के लिए यह नहीं किया. मैंने कभी अपने बेटे को टिकट नहीं दी, मैंने आपके बच्चों को टिकट दी है.” उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा दिल्ली में सत्ता में आती है तो उनकी सरकारी में दी गयी निशुल्क जन सेवाओं को रोक दिया जाएगा. केजरीवाल ने कहा, ”मैं दिल्ली को अमीरों के शासन से मुक्त कराने का संकल्प लेता हूं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button