अमेरिका में दोबारा शुरू होगा टिकटॉक? डोनाल्ड ट्रंप आज जारी कर सकते हैं आदेश

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 20 Jan 2025 04:39 PM
अमेरिका में दोबारा शुरू होगा टिकटॉक? डोनाल्ड ट्रंप आज जारी कर सकते हैं आदेश
ऑडियो सुनें

अमेरिका: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक ने कहा है कि वह अमेरिका में यूजर्स के लिए सेवा बहाल करने की प्रक्रिया में है. इससे पहले, संघीय कानून प्रभावी होने से कुछ घंटे पहले ऐप को बंद कर दिया गया.

टिकटॉक का संचालन करने वाली कंपनी ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जिन टेक्नोलॉजी कंपनियों को डिजिटल स्टोर और अन्य सर्विस प्रोवाइडर्स से टिकटॉक ऐप को नहीं हटाने पर जुर्माना का सामना करना पड़ सकता है, उन्होंने मदद करने पर सहमति जताई है.

टिकटॉक ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया, जिन्होंने कहा है कि वह सोमवार को अपने शपथ ग्रहण के बाद एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रहे हैं, ताकि टिकटॉक की चीन स्थित मूल कंपनी को प्रतिबंध से बचने के लिए समझौते को लेकर अधिक समय मिल सके.

अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध

अमेरिकी यूजर्स को ऐप खोलने पर एक संदेश मिला जिसमें लिखा था, अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने का कानून पारित किया गया है. इसका मतलब है कि दुर्भाग्य से आप अब टिकटॉक का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. मैसेज में लिखा था, हम भाग्यशाली हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह पदभार संभालने के बाद टिकटॉक को बहाल करने के लिए हमारे साथ मिलकर काम करेंगे. तब तक के लिए हमारे साथ बने रहिए.

आज शपथ लेंगे डोनाल्ड ट्रंप

एक ओर बाइडन प्रशासन ने टिकटॉक को बंद करने की चेतावनी को एक ‘स्टंट’ बताकर खारिज कर दिया तो दूसरी ओर टिकटॉक ने कहा कि आश्वासन के बिना, उसके पास अमेरिका में अपनी सेवाओं को निलंबित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. कर्मचारियों को भेजे गए एक इंटरनल ईमेल में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 20 जनवरी (आज) को पदभार संभालने के बाद टिकटॉक को बहाल करने के लिए एक समाधान पर काम करने की मंशा व्यक्त की है.

टिकटॉक और कैपकट ऐप

शनिवार शाम को स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे टिकटॉक और कैपकट दोनों ऐप पर एक चेतावनी दिखाई दी जिसमें लिखा था, टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने वाला अमेरिकी कानून रविवार को प्रभावी होगा, हमें खेद है कि इसकी वजह से हमें अपनी सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा. हम अमेरिका में अपनी सेवा बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं. आपके समर्थन के लिए धन्यवाद.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital