युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी का प्रस्ताव: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का संदेश हर घर तक ले जाएंगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 26 Dec 2022 03:28 PM
युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी का प्रस्ताव: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का संदेश हर घर तक ले जाएंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस की युवा इकाई ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला किया है कि उसके नेता एवं कार्यकर्ता ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के संदेश को घर-घर तक ले जाएंगे। भारतीय युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक में पारित प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि संगठन हर बूथ पर युवाओं को अपने साथ जोड़ने के मकसद से अपने अभियान को और गति प्रदान करेगा।

संगठन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी. वी. ने कहा, ‘‘युवा कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के मुद्दों एवं संदेशों को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाना है। यही नहीं, देश के हर बूथ पर युवाओं को जोड़ेंगे।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा की लोकप्रियता से भाजपा और केंद्र सरकार डर गई है और इसलिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री कोविड प्रोटोकॉल के बहाने पत्र लिख रहे हैं। यह यात्रा इन सब हथकंडों से प्रभावित नहीं होने वाली है।’’ भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा, ‘‘विविधता में एकता भारत की पहचान है।

इसी पहचान को बचाए रखने के लिए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। हमारा संगठन यात्रा के संदेशों को सभी लोगों तक पहुंचाएगा।’’ इस तीन दिवसीय बैठक में संगठन के प्रमुख कार्यक्रमों “यूथ जोड़ो, बूथ जोड़ो”, “यूथ कनेक्ट कार्यक्रम”, “एक बूथ पांच यूथ”, आगामी विधानसभा चुनावों के संबंध में चुनाव प्रबंधन पर चर्चा करने के साथ ही अर्थव्यवस्था की स्थिति, महंगाई, बेरोजगारी, नफरत और कुछ अन्य मुद्दों पर भी मंथन किया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav