छत्तीसगढ़: आदिवासी युवती से सामूहिक बलात्कार, छह गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 21 Aug 2024 10:18 AM
छत्तीसगढ़: आदिवासी युवती से सामूहिक बलात्कार, छह गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने रक्षाबंधन के दिन 27 वर्षीय आदिवासी युवती से सामूहिक बलात्कार के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवती से सामूहिक बलात्कार के आरोप में राहुल चौहान समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के अनुसार, जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर पुसौर थाना क्षेत्र में सोमवार को पीड़िता जब रक्षाबंधन का पर्व मनाने के बाद गांव में लगे मेले में जाने के लिए निकली थी, तब आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसे तालाब किनारे ले गए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता थाने पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद राहुल चौहान समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) (सामूहिक दुष्कर्म) और 351(2) (किसी व्यक्ति के सम्मान को नुकसान पहुंचाना या धमकी देकर कोई कार्य करने के लिए मजबूर करना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने और पीड़िता को सरंक्षण देने की मांग की। बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”रायगढ़ के पुसौर ब्लॉक में हुई सामूहिक बलात्कार की यह घटना बहुत गंभीर है। दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें सजा मिलने तक पीड़िता को संरक्षण दिया जाना चाहिए। (पीड़िता को) चिकित्सा सहित हर संभव सहायता भी प्रदान की जानी चाहिए।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav