महंगे टिकट बैंड के लिए अच्छे हैं, श्रोताओं के लिए नहीं: पीयूष मिश्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Oct 2024 09:04 PM
महंगे टिकट बैंड के लिए अच्छे हैं, श्रोताओं के लिए नहीं: पीयूष मिश्रा

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अपने बैंड ‘बल्लीमारान’ के साथ अगले महीने कई शहरों की यात्रा करने जा रहे गायक-अभिनेता पीयूष मिश्रा ने कहा है कि टिकट की कीमतें अधिक रहने पर कला लोगों की पहुंच के दायरे से दूर हो जाती है. मिश्रा ‘गुलाल’ फिल्म में ”आरम्भ है प्रचंड” और ”ओ री दुनिया” तथा ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में ”इक बगल में चांद होगा” जैसे गीतों के लिए जाने जाते हैं.

मिश्रा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”कला लोगों की पहुंच के दायरे से बाहर होती जा रही है, लेकिन आप क्या कर सकते हैं? आप इस बारे में कुछ नहीं कर सकते. जब टिकट की कीमतें लाखों रुपये तक पहुंच जाती हैं तो यह वाकई बड़ी बात है. यह बैंड के लिए तो बहुत अच्छा है, लेकिन आम लोगों के लिए चीजों को मुश्किल बना देता है.” ब्रिटिश बैंड ‘कोल्डप्ले’ के हाल में भारत यात्रा की घोषणा के बाद, इसके टिकट कुछ ही मिनट में बिक गए और बाद में अनधिकृत माध्यम से करीब 12 लाख रुपये में उपलब्ध थे.

पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने जब अपने ‘दिल-लुमिनाती वर्ल्ड टूर’ की घोषणा की, तब भी स्थिति यही थी. टिकटों की कालाबाजारी हुई और वे 85,000 रुपये से अधिक कीमतों पर उपलब्ध थे. संगीत कार्यक्रमों के टिकट की अत्यधिक कीमतों के बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने हैरानगी जताते हुए कहा कि एक आम आदमी कैसे यह खरीद सकेगा? मिश्रा (62) ने कहा कि उनके बैंड ‘बल्लीमारान’ का मानना है कि जितने अधिक लोग उसका आनंद उठाएंगे उतना ही अच्छा होगा.

उन्होंने कहा, ”यदि यह अधिक लोगों को स्वीकार्य होगा तो अच्छा है. जितने लोग बल्लीमारान के गीत को पसंद करेंगे हमें उतना ही अच्छा लगेगा.” मिश्रा का 14 सदस्यीय बैंड नवंबर में अहमदाबाद, वड़ोदरा, इंदौर, भोपाल, पुणे, ठाणे, रायपुर और हैदराबाद सहित 15 शहरों की यात्रा करेगा. मिश्रा के बैंड ने पिछले साल देश में 20 कार्यक्रम किये और विदेशों में 12 कार्यक्रम प्रस्तुत किए. कई बेहतरीन गीत लिखने के अलावा, मिश्रा ‘गुलाल’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘मकबूल’ और ‘रॉकस्टार’ फिल्म में अपने अभिनय को लेकर भी जाने जाते हैं.

By Yogesh Kumar Sahu