कांग्रेस ने बागपत के पूर्व जिलाध्यक्ष युनूस चौधरी को छह साल के लिए निष्कासित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Nov 2024 10:50 PM
कांग्रेस ने बागपत के पूर्व जिलाध्यक्ष युनूस चौधरी को छह साल के लिए निष्कासित किया

ऑडियो सुनें

बागपत. कांग्रेस ने बागपत के जिला अध्यक्ष रहे यूनुस चौधरी को कथित तौर पर एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी. प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला द्वारा जारी पत्र के हवाले से बताया कि चौधरी ने इस मामले में अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है, जिसके बाद आज उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया.

आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस ने चौधरी को बागपत जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था. त्यागी ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में चौधरी को कांग्रेस ज.लिाध्यक्ष पद से हटाए जाने की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चौधरी को बागपत जिलाध्यक्ष पद से हटाए जाने के संबंध में पत्र जारी किया है. पुलिस ने चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है.

बड़ौत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज चहल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि 19 वर्षीय युवती की मां की तहरीर पर चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. एसएचओ ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी. वीडियो में चौधरी पीड़ित युवती के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करते दिख रहे हैं.

By Yogesh Kumar Sahu