अराजकतावादी तत्वों का गठबंधन बना रहे हैं राहुल गांधी; देश के लिए खतरनाक : फडणवीस

सांगली. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जो गठबंधन बना रहे हैं वह राज्य और देश के लिए खतरनाक है. सांगली जिले के जाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार गोपीचंद पडलकर के लिए एक चुनाव प्रचार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने गांधी के नेतृत्व वाले भारत जोड़ो अभियान को “भारत तोड़ो” अभियान करार दिया और आरोप लगाया कि अराजकतावादी और धुर वामपंथी संगठन इससे जुड़े हुए हैं.

उन्होंने सवाल किया कि भारत के संविधान की लाल जिल्द वाली प्रति दिखाकर गांधीजी क्या संदेश देना चाहते हैं? फडणवीस ने कहा, “आज राहुल गांधी महाराष्ट्र आए हैं (20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने)….राहुल गांधी जिस तरह से गठबंधन कर रहे हैं, वह राज्य और देश के लिए खतरनाक है.” भाजपा नेता ने दावा किया, ” ‘भारत जोड़ो’ नाम से एक पहल शुरू की गई थी. नाम देखकर लगा कि यह अच्छी पहल है, लेकिन बाद में पता चला कि भारत जोड़ो से जुड़े 150 से 200 संगठनों में से 100 संगठन देश में अराजकता फैलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. ये संगठन अति वामपंथी और अराजकतावादी हैं और अगर इनके पिछले रिकॉर्ड की जांच की जाए तो पता चलता है कि ये लोग समाज में अशांति फैलाने का काम कर रहे हैं.” फडणवीस ने कहा कि ये संगठन संविधान और न्यायपालिका में समाज का विश्वास कम करने का प्रयास कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “यह भारत जोड़ो नहीं बल्कि ‘भारत तोड़ो’ आंदोलन था और मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि वह भारत का लाल रंग का संविधान क्यों दिखा रहे हैं और वह किस तरह का संदेश देना चाहते हैं?” फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस भारतीय समाज के ताने-बाने को नष्ट कर रही है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “वे महाराष्ट्र में अराजकता फैलाने के प्रयोग में लगे हुए हैं. लेकिन अगर जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है तो राज्य में अराजकता की जगह विकास होगा और समाज के अंतिम व्यक्ति का जीवन बदलेगा.” जाट निर्वाचन क्षेत्र में पडलकर का मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक विक्रम सावंत से है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button