भाजपा नफरत फैला रही, झारखंड विस चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है : तेजस्वी यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Nov 2024 10:04 PM
भाजपा नफरत फैला रही, झारखंड विस चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है : तेजस्वी यादव

ऑडियो सुनें

चतरा. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को भाजपा पर समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव ”देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने” के लिए है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी, जबकि अगले साल बिहार में राजद नीत गठबंधन सत्ता में आएगा.

चतरा जिले के हंटरगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए यादव ने आरोप लगाया, ”भाजपा समाज में नफरत फैलाती है और जनादेश का अपमान करती है. झारखंड में यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है.” उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों ने 2019 में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को वोट दिया था, लेकिन भाजपा ने ”सरकार गिराने की साजिश रची.” राजद नेता ने दावा किया, ”जब वे सफल नहीं हुए, तो उन्होंने आदिवासी समुदाय से आने वाले सोरेन को जेल में डाल दिया.”

यादव ने आरोप लगाया, ”भाजपा विधायकों को खरीदने का प्रयास करती है. जो लोग बिकना नहीं चाहते, उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के माध्यम से धमकाया जाता है. बिहार में, उन्होंने (भाजपा ने) हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लिया.” उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2000 में बिहार से अलग होने के बाद भाजपा ने झारखंड पर सबसे लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उसने राज्य के विकास के लिए कुछ नहीं किया. झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों – 13 और 20 नवंबर को होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी.

By Yogesh Kumar Sahu