तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस की तुलना तंबाकू सेवन से की, कहा-कांग्रेस को वोट देना देश के लिए हानिकारक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Nov 2024 08:42 PM
तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस की तुलना तंबाकू सेवन से की, कहा-कांग्रेस को वोट देना देश के लिए हानिकारक

ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रमुख और बेंगलुरु के सांसद तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को कांग्रेस की तुलना तंबाकू सेवन से करते हुए लोगों को आगाह किया कि इस विपक्षी पार्टी को वोट देने से देश का विकास बाधित हो सकता है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस शासित कर्नाटक गंभीर वित्तीय अस्थिरता का सामना कर रहा है. उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण करने का आरोप लगाया.

सूर्या ने 20 नवंबर को महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुंबई में संवाददाताओं से कहा, “जैसे सिगरेट के पैकेट पर यह वैधानिक चेतावनी होती है कि तंबाकू उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, उसी तरह कांग्रेस पार्टी को वोट देना राज्य और देश के सामाजिक और आर्थिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है.” सूर्या ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार सरकारी ठेकों में मुसलमानों को चार प्रतिशत आरक्षण देने पर जोर दे रही है.

उन्होंने दावा किया, ”कर्नाटक के 20 से ज्यादा विधायकों ने पत्र लिखकर ऐसी मांगें की हैं.” उन्होंने पूछा, “देश का संविधान धर्म के आधार पर किसी भी आरक्षण की अनुमति नहीं देता. कांग्रेस हमारे समाज को किस ओर ले जा रही है.” उन्होंने कहा कि यदि महाराष्ट्र के मतदाता कांग्रेस के घोषणापत्र पर भरोसा जताते हैं तो “महाराष्ट्र जल्द ही कर्नाटक जैसा बन जाएगा.” भाजपा नेता ने दावा किया कि अकेले कर्नाटक के बीजापुर जिले में वक्फ बोर्ड ने सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर दावा किया है.

उन्होंने कहा, “कर्नाटक के करीब 15 जिलों में मुख्यमंत्री के निर्देश पर अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री वक्फ अदालत लगा रहे हैं. बिना किसी नोटिस के जमीन वक्फ बोर्ड को हस्तांतरित की जा रही है.” सांसद ने दावा किया कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक बैठक बुलाई और कांग्रेस सरकार ने वक्फ बोर्ड से जुड़े अपने विवादास्पद निर्णय को वापस लेने का फैसला किया. सूर्या ने कहा, ”इसका मतलब है कि कर्नाटक सरकार ने स्वीकार किया है कि उसने यह निर्णय लिया है.” उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य के शिगगांव, संदूर और चन्नपटना विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

कांग्रेस के आर्थिक मॉडल ने कर्नाटक को दिवालिया होने की कगार पर पहुंचा दिया: तेजस्वी सूर्या

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की आर्थिक नीतियों ने कर्नाटक को दिवालिया होने की कगार पर पहुंचा दिया है. सूर्या ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के तहत भाजपा के लिए प्रचार करते हुए यह टिप्पणी की. भाजपा सांसद ने दावा किया कि कर्नाटक गंभीर वित्तीय अस्थिरता का सामना कर रहा है.

सूर्या ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा, ”यह कर्नाटक में कांग्रेस द्वारा तैयार किया गया एक गैरजिम्मेदार आर्थिक मॉडल है. राज्य अब दिवालियापन और आर्थिक अराजकता की कगार पर खड़ा है. सार्वजनिक धनराशि को लेकर सरकार की नीतियां आर्थिक संकट पैदा कर रही हैं.” उन्होंने दावा किया कि पिछली भाजपा सरकार ने कर्नाटक में 20,000 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष बजट पेश किया था. हालांकि, कांग्रेस की ‘राजकोषीय अनुशासनहीनता और कुशासन’ के कारण पिछले दो वर्षों में 12,000 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा हुआ है.

भाजपा की युवाई इकाई के अध्यक्ष ने महाराष्ट्र के लोगों को आगाह किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो इससे खतरा हो सकता है.
सूर्या ने दावा किया कि कर्नाटक सरकार का महिलाओं को 2,000 रुपये मासिक भत्ता देने का वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिसके कारण लाभार्थियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

सूर्या ने दावा किया कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भी हाल ही में बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए धन की कमी की बात स्वीकार की है. सूर्या ने कहा, ”उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सार्वजनिक रूप से दो बार स्वीकार किया है कि राज्य के पास बेंगलुरु में गड्ढों की मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं. शिवकुमार के बगल में बैठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस चिंता को स्वीकार किया है.”

By Yogesh Kumar Sahu