सोनिया जी, आपका ‘राहुल विमान’ महाराष्ट्र चुनाव में एक बार फिर ‘क्रैश’ हो जाएगा : अमित शाह

राहुल गांधी की 'चौथी पीढ़ी' भी एसटी, एससी, ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकती: शाह

परभणी/जलगांव/धुले. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि “राहुल बाबा” नाम का विमान पहले ही 20 बार ‘क्रैश’ हो चुका है और 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इसका एक बार फिर ‘क्रैश’ होना तय है. महाराष्ट्र के परभणी जिले के जिंतूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “सोनिया जी ने “राहुल बाबा” नाम के विमान को 20 बार उतारने की कोशिश की, लेकिन बीसों बार विमान ‘क्रैश’ हो गया. अब फिर से विमान को 21वीं बार महाराष्ट्र में उतारने की कोशिश की जा रही है. सोनिया जी, आपका “राहुल विमान” 21वीं बार भी ‘क्रैश’ होने जा रहा है.” गृह मंत्री ने कांग्रेस पर अयोध्या में जानबूझकर वर्षों तक राम मंदिर के निर्माण में बाधा डालने का आरोप भी लगाया.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण कराया और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर भी बनवाया, जिसे औरंगजेब ने ध्वस्त कर दिया था. अब आपको गुजरात जाने के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि सोमनाथ मंदिर भी सोने से बनाया जा रहा है.” शाह ने कहा कि मोदी ने देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाया है.

उन्होंने कहा, “मैंने विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र, कोंकण, मुंबई और मराठवाड़ा जैसी जगहों का दौरा किया. क्या आप महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का नतीजा जानना चाहते हैं? मेरी बात सुनिए, 23 नवंबर को महाराष्ट्र से महा विकास आघाडी (एमवीए) का सफाया होने जा रहा है.” शाह ने दावा किया कि 23 नवंबर को राज्य में मोदी जी के नेतृत्व में महायुति (महागठबंधन) की सरकार बनेगी.

उन्होंने कहा, “राहुल बाबा की कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोगियों ने कश्मीर में अनुच्छेद-370 बहाल करने का प्रस्ताव पारित किया है. राहुल बाबा ध्यान से सुन लीजिए, आप ही नहीं, आपकी चौथी पीढ़ी भी आ जाए, तो भी अनुच्छेद-370 वापस नहीं ला सकती.” शाह ने कहा कि शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे उन लोगों के साथ गठबंधन में हैं, जिन्होंने औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर रखने का विरोध किया था.

महा विकास आघाडी जीता तो महाराष्ट्र कांग्रेस के लिए ‘एटीएम’ बन जाएगा : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अगर महा विकास आघाडी (एमवीए) 20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीत जाता है तो राज्य कांग्रेस के लिए ‘एटीएम’ बन जाएगा. शाह ने जलगांव जिले के चालीसगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”वे (एमवीए) राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल कर महाराष्ट्र से पैसा बटोरेंगे और पैसा दिल्ली भेज देंगे.” उन्होंने कहा, ”वहीं, अगर भाजपा नीत महायुति सरकार बनती है तो मोदी प्रशासन महाराष्ट्र के लिए वृहद विकास सुनिश्चित करेगा.”

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड में सरकार बनाने जा रही है और महायुति सरकार महाराष्ट्र में सत्ता में आ रही है. उन्होंने कहा, ”इसलिए कांग्रेस झूठे वादे करती है और लोगों को गुमराह करती है.” शाह ने कहा, ”हाल में, राहुल गांधी को बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान की एक प्रति लहराते हुए देखा गया. उन्होंने संसद में शपथ लेते वक्त भी वही प्रति पकड़ी थी.” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”जब कुछ पत्रकारों को वह प्रति मिली तो उसके पन्ने खाली थे. संविधान की फर्जी प्रति दिखाकर राहुल ने लोगों का विश्वास तोड़ा और बाबासाहेब का अपमान किया. जाहिर है, राहुल बाबा आपने कभी भारतीय संविधान नहीं पढ.ा.”

उन्होंने कहा कि ”सोनिया-मनमोहन सरकार” ने वोट बैंक की राजनीति के कारण 10 साल तक नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. शाह ने कहा, ”कांग्रेस की पूरी राजनीति धोखे के आधार पर चलती है. वे कह रहे हैं कि महायुति सरकार बनने के बाद महाराष्ट्र में निवेश कम हो गया है.” उन्होंने कहा, ”सच्चाई यह है कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की सरकार बनने के बाद हमारा महाराष्ट्र पूरे भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के मामले में पहले नंबर पर है.”

उन्होंने कहा, ”आपका एक वोट न सिर्फ महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनाएगा बल्कि आपका एक वोट महाराष्ट्र की प्यारी बहनों के खाते में 2,100 रुपये भी जमा करेगा. आपके एक वोट से किसानों के खाते में सालाना 12 हजार की जगह 15 हजार रुपये जमा होंगे. आपका एक वोट भारत के भविष्य को मजबूत करेगा.” शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी ‘पत्थर की लकीर’ की तरह है जबकि कांग्रेस तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में चुनाव पूर्व किए वादों से मुकर गयी है. वरिष्ठ नेता शरद पवार पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि पवार कई वर्षों तक मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहे लेकिन मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाने के लिए कुछ नहीं किया.

राहुल गांधी की ‘चौथी पीढ़ी’ भी एसटी, एससी, ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकती: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि अगर उनकी ‘चौथी पीढ़ी’ भी आ जाए तो वह भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं.

शाह ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”कुछ दिन पहले उमेला समूह के लोग महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष से मिले और कहा कि मुसलमानों को आरक्षण देना चाहिए.” उन्होंने कहा, ”अगर मुसलमानों को आरक्षण देना है तो एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काट कर देना पड़ेगा. अरे राहुल बाबा (राहुल गांधी), आप तो क्या आपकी चार पीढि.यां भी एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं.” शाह ने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को कभी बहाल नहीं किया जाएगा, चाहे कुछ भी हो जाए.

उन्होंने कहा, ”अगर इंदिरा गांधी स्वर्ग से वापस आ भी जाती हैं तो भी अनुच्छेद 370 को बहाल नहीं किया जाएगा.” महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) को ‘औरंगजेब फैन क्लब’ करार देते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन शिवाजी महाराज और वीर सावरकर के आदर्शों पर चलता है.

उन्होंने कहा, ”ये आघाडी केवल तुष्टिकरण करना चाहती है और उद्धव ठाकरे सत्ता के लिए बाला साहब ठाकरे जी के सिद्धांत को भूल कर बैठे हैं. उद्धव बाबू, आप उन लोगों के साथ बैठे हो जिन्होंने… औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर करने का विरोध किया, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, तीन तलाक हटाने का विरोध किया, अनुच्छेद-370 हटाने का विरोध किया, र्सिजकल स्ट्राइक का विरोध किया. आप हिंदुओं को आतंकवादी कहने वालों के साथ बैठे हो.” शाह ने कहा कि महायुति का मतलब विकास और एमवीए का मतलब विनाश है और जनता को तय करना है कि वे विकास करने वालों को सत्ता में लाना चाहते हैं या विनाश करने वालों को.

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने संबोधन में वक्फ कानून का भी उल्लेख किया और कहा कि इस देश में लोग इससे परेशान हैं. उन्होंने कर्नाटक में कुछ मंदिर, किसानों की भूमि व लोगों के घरों को कथित तौर पर वक्फ की संपत्ति बताए जाने का जिक्र करते हुए कहा, ”हम वक्फ कानून में संशोधन का विधेयक लाए हैं लेकिन राहुल बाबा और पवार साहब (शरद पवार) इसका विरोध कर रहे हैं. राहुल गांधी, सुन लो, डंके की चोट पर प्रधानमंत्री मोदी वक्फ कानून में संशोधन करेंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button