आरएसएस और भाजपा का विश्वास न संविधान पर, न आंबेडकर पर : गहलोत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Dec 2024 09:17 PM
आरएसएस और भाजपा का विश्वास न संविधान पर, न आंबेडकर पर : गहलोत

ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर पर हाल में हुए विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वे कभी संविधान और आंबेडकर पर विश्वास नहीं करते. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने तो संविधान मानने से ही इनकार कर दिया था और इनकी आजादी के आंदोलन में कोई भागीदारी नहीं थी तथा ये लोगों को गुमराह करते हैं.

गहलोत ने सोमवार को जयपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इन लोगों (आरएसएस-भाजपा) का विश्वास न संविधान पर था, न आंबेडकर पर था और ये तो जग जाहिर है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आंबेडकर का सम्मान किया तथा उन्हें संविधान की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनवाया. पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) पर गहलोत ने कहा कि परियोजना के लिए नया नाम दे दिया गया, लेकिन, समझौते को गुप्त क्यों रखा गया? उन्होंने इसे सार्वजनिक करने की मांग की.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भाजपा के सांसदों को कथित रूप से धक्का दिए जाने को लेकर पूछ गए सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी सत्य-अहिंसा पर चलकर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ” उनके परिवार में इंदिरा गांधी शहीद हो गईं. उनके पिता राजीव गांधी शहीद हो गए, जिसने पिता के हत्यारे को माफ करने की पैरवी की. वो व्यक्ति धक्का दे सकता है क्या?” गहलोत ने कहा ”संसद परिसर में तो सीसीटीवी कैमरे हैं. वीडियोग्राफी होगी. उस वीडियोग्राफी को छुपाकर क्यों रखा गया है? राहुल गांधी के बारे में देश और दुनिया जानती है.”

By Yogesh Kumar Sahu