Former PM Manmohan Singh Passed Away: कल होगा पूर्व PM मनमोहन का अंतिम संस्कार; केंद्र ने आज के कार्यक्रम किए रद्द

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 27 Dec 2024 09:23 AM
Former PM Manmohan Singh Passed Away: कल होगा पूर्व PM मनमोहन का अंतिम संस्कार; केंद्र ने आज के कार्यक्रम किए रद्द

ऑडियो सुनें

Former PM Manmohan Singh Passed Away: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, “अभी कार्यक्रम तय नहीं है। उनकी एक बेटी हैं जो बाहर से आ रही हैं वे दोपहर या शाम तक आएंगी। उसके बाद ही सब तय होगा। हो सकता है कि अंतिम संस्कार कल हों। शायद 9-10 बजे के बाद आम जनता को दर्शन की इजाजत मिलेगी।”

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “यह देश और कांग्रेस के लिए बहुत दुखद दिन है… वह इस देश के प्रशासकों में से एक थे… जहां तक कांग्रेस का सवाल है, हमने अपने महान नेताओं में से एक को खो दिया… 10 साल तक प्रधानमंत्री और 5 साल तक वित्त मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुशासन का प्रदर्शन किया… यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है…”

सात दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 26 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन के बाद 26 दिसंबर, 2024 से 1 जनवरी, 2025 तक पूरे देश में सात दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान, उन सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे पारंपरिक रूप से फहराया जाता है और सभी आधिकारिक कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। भारत सरकार ने आज के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

केरल सरकार राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाएगी
केरल सरकार ने जिला कलेक्टरों को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है।

केएच मुनियप्पा ने जयाता दुख
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कर्नाटक के मंत्री केएच मुनियप्पा ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी क्षति है कि हमने डॉ. मनमोहन सिंह को खो दिया। उन्होंने कहा कि वह युवा मंत्रियों का मार्गदर्शन कर रहे थे। दुनिया ने एक महान अर्थशास्त्री खो दिया है।

शनिवार को होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा, जिसके लिए शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार परसों होगा। हम आधिकारिक तौर पर घोषणा करेंगे। उन्होंने मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए दुखद क्षति बताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे।

मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे राहुल और मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे।

By www.navabharat.news