एशियन गेम्स 2026 में 28 सितंबर को भारत के लिए पदकों का सिलसिला जारी रहा। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, महिलाओं की 78 किग्रा कुराश स्पर्धा में पिंकी बलहारा ने कांस्य पदक जीता। इन पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 39 हो गई।
ईशा सिंह ने शूटऑफ में जीता रजत
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल फाइनल में ईशा सिंह और उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक के बीच कांस्य पदक के लिए कड़ा मुकाबला हुआ। 40 शॉट के बाद दोनों का स्कोर 34-34 था, जिसके बाद शूटऑफ से फैसला हुआ।
पहले दो शूटऑफ में भी दोनों खिलाड़ियों के पांच में से तीन-तीन शॉट निशाने पर लगे। तीसरे शूटऑफ में ईशा ने तीन सटीक निशाने लगाए, जबकि किम के दो शॉट निशाने पर लगे। इसके साथ ईशा ने टॉप-2 में जगह बना ली और भारत का पदक पक्का किया।
गोल्ड के लिए भी हुआ रोमांचक शूटऑफ
रजत पदक पक्का करने के बाद ईशा का मुकाबला स्वर्ण पदक के लिए चीन की जियारुइक्सुआन जियाओ से हुआ। आखिरी शॉट के बाद दोनों का स्कोर 38-38 रहा और मुकाबला फिर शूटऑफ में पहुंच गया।
पहले शूटऑफ में दोनों खिलाड़ियों ने पांच में से चार-चार सटीक निशाने लगाए। इसके बाद एक और टाईब्रेकर हुआ। इसमें जियाओ ने तीन सटीक निशाने लगाए, जबकि ईशा के दो निशाने सही लगे। इस तरह चीन की जियाओ ने स्वर्ण और ईशा ने रजत पदक जीता।
ईशा ने दबाव में किया शानदार प्रदर्शन
फाइनल के निर्णायक दौर में ईशा सिंह ने 5/5 की परफेक्ट सीरीज हासिल कर पदक पक्का किया था। 40 शॉट के बाद वह 31 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थीं, जबकि किम ह्योन सुक और शियाओ जियारुइक्सुआन 32-32 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर थीं।
पिंकी बलहारा ने कुराश में जीता कांस्य
महिलाओं की 78 किग्रा कुराश स्पर्धा में पिंकी बलहारा ने कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की 2026 एशियन चैंपियन मो सुमिन से 0-5 से हार मिली।
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों के बीच कांस्य पदक के लिए अलग मुकाबला नहीं होता। दोनों को कांस्य पदक दिया जाता है। इस तरह पिंकी ने भारत के लिए एक और पदक पक्का किया।
तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा बाहर, चिकिता क्वार्टर फाइनल में
महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में ज्योति सुरेखा वेन्नम को 14 वर्षीय दक्षिण कोरियाई तीरंदाज कांग योनसेओ ने हराया। कांग ने 150 का परफेक्ट स्कोर बनाया, जबकि ज्योति 146 अंक ही हासिल कर सकीं।
दूसरी ओर, चिकिता तनीपार्थी ने चीनी ताइपे की चेन यी-हुआन को शूटऑफ में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। निर्धारित 15 शॉट के बाद दोनों का स्कोर 148-148 था। शूटऑफ में चिकिता ने बुल्सआई पर निशाना लगाया और मुकाबला अपने नाम किया।
टेनिस में भारत की महिला युगल जोड़ी हारी
महिला युगल के पहले दौर में भारत की अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 7-5 से जीता, लेकिन कजाकिस्तान की यूलिया पुतिन्त्सेवा और अन्ना डेनिलिना ने दूसरा सेट 6-3 से जीत लिया।
इसके बाद टाईब्रेकर में कजाकिस्तान की जोड़ी ने 10-5 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।