गढ़चिरौली में 10 लाख रुपये की इनामी दो महिला माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Jan 2025 09:33 PM
गढ़चिरौली में 10 लाख रुपये की इनामी दो महिला माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को दो कट्टर महिला माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. दोनों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम था और वे 50 से अधिक आपराधिक मामलों का सामना कर रही थीं जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि शामला पुडो उर्फ लीला (36) और काजल वड्डे उर्फ लिम्मी (24) ने गढ़चिरौली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया.

विज्ञप्ति के अनुसार, पुडो माओवादी संगठन में “सेक्शन कमांडर” के रूप में काम करती थी, जबकि वड्डे भामरागढ़ एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ते) की सदस्य थी. दोनों पूर्वी महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित जिले गढ़चिरौली की निवासी हैं. विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुडो के खिलाफ 45 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 21 सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ों से संबंधित हैं और आधा दर्जन आगजनी की घटनाओं से जुड़े हैं. वडे के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें से चार गोलीबारी और एक आगजनी से संबंधित हैं. उन्होंने बताया कि इन दोनों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम था.

By Yogesh Kumar Sahu