नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की ओर बढ़ता छग: मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा : मुख्यमंत्री साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 11:16 PM
नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की ओर बढ़ता छग: मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा : मुख्यमंत्री साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता को नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के लिए एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि बस्तर अब गनतंत्र से गणतंत्र की ओर आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृहमंत्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व को इस सफलता की बुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा. प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीति और प्रभावी रणनीति के कारण सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है और हम लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा आज मुठभेड़ में 31 नक्सलियों के मारे जाने को एक बड़ी सफलता करार दिया और वीर जवानों की बहादुरी को नमन किया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल के जवानों ने नक्सलियों के गढ़ में घुसकर जिस प्रकार इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह उनकी असाधारण वीरता और रणनीतिक दक्षता को दर्शाता है. उन्होंने इस मुठभेड़ में दो वीर जवानों की शहादत और दो अन्य जवानों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब निर्णायक मोड़ पर है. नक्सलवाद की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, और अब प्रदेश में केवल विकास, शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होगा. हम 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त कर देंगे. यह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता और प्रदेश के हर नागरिक से किया गया वादा है. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के विरुद्ध सुरक्षाबलों की सफलता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से अब बस्तर में सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की दस्तक सुनाई दे रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu