आतंकवाद को लेकर ठोस कदम उठाए, तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए सरकार : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 11:01 PM
आतंकवाद को लेकर ठोस कदम उठाए, तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए सरकार : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है, और सरकार को इस केंद्रशासित प्रदेश में हालात सामान्य होने के खोखले दावे करने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए. मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेना चाहिए.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इस ”कायराना आतंकी हमले” में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख.बर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है. सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए -ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं.”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. पूरा देश सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ. एकजुट है. यह कायराना हमला मानवता पर एक धब्बा है. खबरों से पता चलता है कि कई अनमोल जानें चली गई हैं.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी की ओर से पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है और हम भारत सरकार से इसे सुनिश्चित करने के लिए सुधारात्मक उपाय करने का आग्रह करते हैं.”

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आज कश्मीर में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करती है. हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं.” रमेश ने कहा कि यह एकजुट सामूहिक इच्छाशक्ति प्रर्दिशत करने का समय है. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेना चाहिए. उन्होंने इस बात पर जोर दिया, “यह हमला अनुत्तरित नहीं रह सकता और न रहना जाना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu