पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए व्यवसायी का शव रायपुर लाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 11:08 PM
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए व्यवसायी का शव रायपुर लाया गया
ऑडियो सुनें

रायपुर. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों में शामिल व्यवसायी दिनेश मिरानिया का शव बुधवार रात रायपुर लाया गया. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे जिनमें दिनेश मिरानिया भी शामिल थे.

अधिकारियों ने बताया कि शहर की समता कॉलोनी इलाके के निवासी दिनेश का पार्थिव शरीर दिल्ली से नियमित उड़ान से रायपुर लाया गया. विमान रात नौ बजे के बाद यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरा. शव को एंबुलेंस की मदद से उनके आवास पर ले जाया गया.

उन्होंने बताया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और भाजपा के अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर मिरानिया को पुष्पांजलि अर्पित की. दिनेश की पत्नी और उनके रिश्तेदार पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस के पीछे एक वाहन में थे. उनकी पत्नी और बच्चों के आंसू थम नहीं रहे थे तथा रिश्तेदार उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे.

मिरानिया का शव उनके आवास पर पहुंचते ही समता कॉलोनी इलाके का माहौल गमगीन हो गया. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ”दिनेश भाई अमर रहे” और ”पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए तथा इसका बदला लेने की मांग की. जब पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से उतार कर घर के भीतर ले जाया जा रहा था तब उपमुख्यमंत्री साव, मंत्री चौधरी, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कंधा दिया. दिनेश मिरानिया का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को रायपुर में होगा.

मिरानिया मंगलवार को जब पहलगाम में अपने परिवार के साथ अपनी शादी की सालगिरह मना रहे थे तभी आतंकवादियों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी. इससे पहले आज शाम भारतीय जनता पार्टी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ के कार्यकर्ताओं ने राज्य की राजधानी में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किया और आतंकी हमले की कड़ी निंदा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu