पहलगाम हमले के संबंध में केंद्र को सावधानी से कदम उठाना चाहिए : महबूबा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 04:17 PM
पहलगाम हमले के संबंध में केंद्र को सावधानी से कदम उठाना चाहिए : महबूबा
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी तंत्र के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की ओर से बड़े पैमाने पर अभियान शुरू करने के बीच पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि केंद्र को सावधानी से कदम उठाना चाहिए ताकि निर्दोष लोगों को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े.

मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत सरकार को हाल में पहलगाम हमले के बाद सावधानी से काम लेना चाहिए और आतंकवादियों तथा नागरिकों के बीच अंतर करना चाहिए.” उन्होंने कहा कि सरकार को यह ध्यान रखना चाहिये किे आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान निर्दोष लोगों, खासकर आतंकवाद का विरोध करने वाले किसी भी तरह से प्रभावित न हों. उन्होंने कहा कि सरकार से अपील है कि वह अधिकारियों को निर्देश दे कि वे इस बात का ध्यान रखें कि निर्दोष लोगों को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े.

पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सरकार की ओर से शुरू की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ”हजारों लोगों को गिरफ्तार किये जाने और आतंकवादियों के साथ-साथ आम कश्मीरियों के भी मकानों को ध्वस्त किए जाने की खबरें हैं.” दक्षिण कश्मीर में पहलगाम के निकट ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कही जानी वाली बैसरन घाटी में मंगलवार दोपहर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu