भारी भीड़ की वजह से चलती ट्रेन से गिरकर तीन यात्रियों की मौत, कई लोग घायल…

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 09 Jun 2025 12:02 PM
भारी भीड़ की वजह से चलती ट्रेन से गिरकर तीन यात्रियों की मौत, कई लोग घायल…
ऑडियो सुनें

मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह भारी भीड़ की वजह से चलती ट्रेन से गिरकर कम से कम तीन यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। हादसे में कई अन्य घायल भी बताए जा रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना जिले के मुंब्रा स्टेशन के पास हुई। ठाणे जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि उन्हें सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे। कुछ यात्री भीड़ भरी ट्रेन से गिर गए। उस समय, एक मेल या एक्सप्रेस ट्रेन भी बगल की पटरी से गुजर रही थी। अधिकारी ने बताया कि तीन यात्रियों के मारे जाने की आशंका है।

कैसे हुआ हादसा?

सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, ‘मुंब्रा से दिवा जाने वाली लोकल ट्रेन में यात्रा करने वाले आठ लोग गिर गए। कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे इस घटना की सूचना दी। इन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना डाउन/फास्ट लाइन पर मुंब्रा-दिवा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। कसारा से लोकल ट्रेन में फुटबोर्ड पर यात्रा कर रहे लोग और इसी तरह सीएसएमटी की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार लोग आपस में टकरा गए और गिर गए।’

सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध

उन्होंने बताया कि कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड ने पहली सूचना दी कि डाउन-थ्रू ट्रैक पर छह यात्री घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि वहां आठ यात्री थे। हमने देखा है कि कई बार यात्री ट्रेन में जगह होने पर भी फुटबोर्ड पर खड़े होकर यात्रा करते हैं। हमारे पास सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है।

‘यह कोई टक्कर नहीं’

स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, ‘यह कोई टक्कर नहीं है। इस घटना में विपरीत दिशाओं की ट्रेनों में फुटबोर्ड पर यात्रा कर रहे यात्री आपस में टकरा गए। एक यात्री ने बताया कि यह घटना का एक संदिग्ध कारण है। दो ट्रेनों के बीच की दूरी 1.5-2 मीटर होती है, लेकिन मोड़ पर थोड़ा झुकाव होता है और यह घटना का एक अतिरिक्त कारण हो सकता है।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital