भारत प्रो लीग हॉकी में गोल खारिज होने से अर्जेंटीना से हारा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 10:25 PM
भारत प्रो लीग हॉकी में गोल खारिज होने से अर्जेंटीना से हारा
ऑडियो सुनें

एम्सटेलवीन. भारत का आखिरी मिनटों में पेनल्टी पर किया गया गोल नाटकीय परिस्थितियों में खारिज कर दिया गया और फिर जुगराज सिंह गोल करने में विफल रहे जिससे टीम को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम की इस दौरे पर यह चार मैचों में चौथी हार है.

ड्रैग फ्लिकर जुगराज ने चौथे मिनट में ही मैच के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को बढ़त दिलाई लेकिन टॉमस डोमेने (नौवें और 49वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल करके अर्जेंटीना को जीत दिला दी. चौथे और अंतिम क्वार्टर में 1-2 से पिछड़ने के बाद भारत को अंतिम हूटर से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला और जुगराज ने गेंद को अर्जेंटीना के गोल पोस्ट के अंदर डाल दिया. अर्जेंटीना ने इस आधार पर वीडियो रेफरल मांगा कि स्ट्रोक लेते समय जुगराज का बायां पैर गेंद से काफी आगे था.

वीडियो अंपायर ने अर्जेंटीना के पक्ष में फैसला सुनाया लेकिन भारत की अगुवाई कर रहे कप्तान हार्दिक सिंह ने रेफरी से यह जांच करने के लिए कहा कि क्या जुगराज के स्ट्रोक लेने से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैंटियागो गोल-लाइन से आगे थे. इस बार भारत को वीडियो अंपायर से अनुकूल फैसला मिला. जुगराज को स्ट्रोक फिर से लेने की अनुमति दी गई, लेकिन इस बार सैंटियागो ने उनके शॉट को बचा लिया. नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह उंगली की चोट के कारण बाहर है ऐसे में हार्दिक ने भारत की अगुआई की.
अर्जेंटीना को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ तीन मिले.

मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों ने अहमदाबाद में लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान की दुखद दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा. इस विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने मैच की शुरुआत में गेंद को अपने पाले में रख कर दबदबा बनाने की कोशिश की लेकिन भारतीय खिलाड़ी खेल की गति को बढ़ाते हुए सर्कल में घुसने में सफल रहे. भारत को इससे पेनल्टी कॉर्नर मिला और जुगराज ने शक्तिशाली ड्रैग फ्लिक के साथ गोल कर टीम को बढ़त दिला दी.

अर्जेंटीना ने जवाबी हमला करते हुए दो बार पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया, लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने शानदार बचाव किये. अर्जेंटीना को हालांकि तीसरी बार किस्मत का साथ मिला, जब डोमेने ने नौवें मिनट में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया. पहला क्वार्टर 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ. दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच करीबी मुकाबला हुआ लेकिन कोई भी गोल करने में सफल नहीं हुआ. भारतीय टीम को हरमनप्रीत की कमी महसूस हो रही थी.

अर्जेंटीना ने चौथे और अंतिम क्वार्टर में आक्रामक तरीके से भारत की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाया. टीम ने मैच में बढ़त लेने के लिए पूरजोर कोशिश की. मैच के 49वें मिनट में टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला और डोमेने ने अपना दूसरा गोल कर बढ़त दिला दी.
मैच में पहली बार पिछड़ने के बाद भारत ने बराबरी की तलाश में लंबी पासिंग रणनीति अपनाई. अर्जेंटीना ने पीछे रहकर दबाव को सफलतापूर्वक झेला और भारत को कोई स्पष्ट सफलता नहीं मिलने दी.

भारत को 58वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला भी तो जुगराज का गोल खारिज हो गया. इस हार के बाद भारत अब 12 मैचों में 15 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. भारत को इससे पहले बुधवार को इसी प्रतिद्वंद्वी से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था.
भारत प्रो लीग के इस यूरोपीय चरण के दौरान ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 1-2 और 2-3 से हार गया था. यह नीदरलैंड में भारत का चौथा और आखिरी मैच था और अब टीम शनिवार को मजबूत ऑस्ट्रेलिया का सामना करने के लिए बेल्जियम के एंटवर्प की यात्रा करेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu