सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jun 2025 10:26 PM
सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता
ऑडियो सुनें

म्यूनिख. उभरती हुई भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह ने शुक्रवार को यहां महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में जीत के साथ आईएसएसएफ विश्व कप की इस स्पर्धा में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता. राष्ट्रीय चैंपियन 19 साल की सुरुचि इससे पहले अप्रैल में ब्यूनस आयर्स में विश्व कप में पदार्पण करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के बाद लीमा विश्व कप में भी शीर्ष पायदान हासिल करने में सफल रही थी.

सुरुचि ने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में 241.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता. फ्रांस की कैमिली जेड्रेजेवस्की (241.7) ने रजत जबकि चीन की कियानक्सुन याओ (221.7) ने कांस्य पदक हासिल किया. दिसंबर 2024 में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप से शुरू हुए अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए, हरियाणा की इस निशानेबाज. ने क्वालिफिकेशन में 588 अंक हासिल किए और मनु भाकर द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की. याओ ने 589 अंकों के साथ जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए 110 खिलाड़ियों की स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया. भाकर 574 अंकों के साथ 21वें स्थान पर रहीं, जबकि पलक 570 अंकों के साथ 30वें स्थान पर रहीं. सुरुचि ने फाइनल में 52.1 अंक लेकर शानदार शुरुआत की लेकिन पांच निशाने की दूसरी सीरीज के बाद वह दूसरे स्थान पर खिसक गयी.

वह 11वें निशाने में 9.7 के स्कोर के बाद चौथे स्थान पर आ गईं लेकिन इसके बाद अपने खेल के स्तर को ऊ्रंचा उठाने में सफल रही.
हरियाणा की इस निशानेबाज ने 12वीं शॉट में शानदार 10.8 स्कोर करफिर से बढ़त हासिल की अंतिम दो निशाने में प्रवेश करते समय वह कैमिल से 0.5 अंक पीछे थीं. सुरुचि ने 23वें निशाने में 10.5 जबकि कैमिल ने 9.5 स्कोर किया, जिससे भारतीय निशानेबाज. 0.5 अंक से आगे निकल गईं. आखिरी निशाने में दोनों ने 9 स्कोर किया, लेकिन सुरुचि ने बढ़त बनाए रखी और स्वर्ण पदक जीत लिया.
इस जीत के बाद सुरुचि ने कहा, ” यह मेरे द्वारा खेले गए सभी फाइनल्स (तीन विश्व कपों में) में सबसे करीबी था और मुझे लगता है कि मैं थोड़ा भाग्यशाली भी थी.” इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है, इससे पहले इस सप्ताह के शुरू में अंजुम मौदगिल और सिफ्त कौर समरा ने कांस्य पदक जीता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu