चंडीगढ़. कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने माफिया और गैंगस्टर के सामने ”आत्मसमर्पण” कर दिया है. पार्टी महासचिव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में हरियाणा अपराध में डूब गया है और भगवद् गीता की भूमि से ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसे माफिया की भूमि में बदल दिया है.
सुरजेवाला ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, ”हरियाणा में गुंडों की बंदूकें राज कर रही हैं और सरकार की चुप्पी अपराधियों को संरक्षण दे रही है. हरियाणा में गुंडों की गोलियां अब कानून के राज पर हावी हो रही हैं.” उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के तौर पर नायब सैनी पूरी तरह विफल हैं.” उन्होंने कहा, ”सच्चाई यह है कि नायब सैनी सरकार ने माफिया और गैंगस्टर के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. हरियाणा का शासन ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के हाथों में सौंप दिया गया है.” उन्होंने सैनी से इस्तीफा देने की मांग की.
सुरजेवाला ने कहा, ”अगर यह सरकार कानून और संविधान की रक्षा नहीं कर सकती, तो उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है.” हरियाणा के पूर्व मंत्री ने कहा कि 11 साल पहले राज्य में भाजपा के सत्ता में आने से पहले अखबारों में खिलाड़ियों के पदक जीतने और बड़े निवेश की सुर्खियां छाई रहती थीं.
उन्होंने आरोप लगाया कि अब मीडिया में केवल भर्ती पेपर लीक, भ्रष्टाचार, कर्मचारियों पर लाठीचार्ज और किसानों पर अत्याचार की खबरें ही देखने को मिल रही हैं. सुरजेवाला ने दावा किया कि भाजपा शासन में मादक पदार्थों का खतरा पूरे राज्य में फैल गया है, बेरोजगारी व्याप्त है, खनन माफिया अपना प्रभुत्व स्थापित कर रहा है और लोग बेलगाम नौकरशाही और भ्रष्टाचार का शिकार हो रहे हैं, जबकि गुंडे पैसे की उगाही कर रहे हैं.
सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में ”संगठित अपराध” अब ”सबसे बड़ा उद्योग” बन गया है. कांग्रेस नेता ने कहा कि फरवरी 2025 में जब चंडीगढ़ में सात राज्यों के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की बैठक हुई थी, तब नायब सैनी सरकार ने खुद माना था कि हरियाणा में 80 गिरोह सक्रिय हैं.
उन्होंने कहा, ”हरियाणा में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह, बंबीहा गिरोह, भाऊ गिरोह, कौशल चौधरी गिरोह, गोल्डी बराड़ गिरोह, राणा गिरोह, विकास गुलिया दुबई गिरोह, अरविंदर सिंह रिंदा गिरोह, आदर्श दीप सिंह गैंग खुलेआम फिरौती और जबरन वसूली में लिप्त हैं.” सुरजेवाला ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के अनुसार हरियाणा में हर दिन तीन हत्याएं होती हैं. उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के अनुसार, 2024 में हरियाणा में 966 हत्याएं हुईं. उन्होंने कहा कि एक साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 16,743 मामले दर्ज किये गये, यानी हर दिन 46 मामले.
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रमुख अभय सिंह चौटाला को जान से मारने की धमकी मिलने पर सुरजेवाला ने कहा, ”यह एक गंभीर मुद्दा है. वह हमारे प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, लेकिन वह एक राजनीतिक संगठन के प्रमुख हैं.” कांग्रेस नेता ने पिछले वर्ष हुई इनेलो नेता नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में भी कोई प्रगति नहीं होने की बात कही और इसके लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने कहा, ”सरकार क्या कर रही है? मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं?”