Share Market: जीएसटी सुधारों के एलान के बाद शेयर बाजार गुलजार; सेंसेक्स ने लगाई लंबी छलांग, निफ्टी में भी तेजी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Thu, 04 Sep 2025 01:07 PM
Share Market: जीएसटी सुधारों के एलान के बाद शेयर बाजार गुलजार; सेंसेक्स ने लगाई लंबी छलांग, निफ्टी में भी तेजी
ऑडियो सुनें

Share Market: सरकार की ओर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों को तर्कसंगत बनाने के कदम ने निवेशकों की धारणा को मजबूत किया। इस वजह से भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी लौटी। इस सकारात्मक रुख ने दिवाली से पहले मजबूत तेजी की उम्मीद जगाई और प्रमुख सूचकांकों में तेजी से बढ़त दर्ज की गई।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बीते दिन यानी 3 सितंबर की देर रात वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पर की गई घोषणाओं से गुरुवार को बेंचमार्क शेयर बाजार सूचकांकों में जबरदस्त उछाल आया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 888.96 अंक उछलकर 81,456.67 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 265.7 अंक बढ़कर 24,980.75 पर आ गया। ऐसे ही शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे बढ़कर 87.85 पर खुला। जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा कि ऐतिहासिक जीएसटी सुधार उम्मीद से बेहतर रहा है। इससे कई क्षेत्रों को लाभ हुआ है।

रोटी या पराठा से लेकर हेयर ऑयल, आइसक्रीम और टीवी तक आम इस्तेमाल की वस्तुओं की कीमतें कम होंगी, जबकि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर कर का बोझ शून्य हो जाएगा। बुधवार को जीएसटी परिषद की ओर से जीएसटी व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन को मंजूरी दिए जाने के बाद जीएसटी परिषद ने स्लैब को 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत तक सीमित करने को मंजूरी दी। यह 22 सितंबर यानी नवरात्रि के पहले दिन से प्रभावी होंगे।

किसे फायदा-किसे नुकसान?
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे अधिक 7.50 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, टाटा मोटर्स और अल्ट्राटेक सीमेंट भी फायदे में रहे। हालांकि, इटरनल, टाटा स्टील, एनटीपीसी और एचसीएल टेक पिछड़ते नजर आए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,666.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,495.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news