
पणजी. उत्तरी गोवा जिले में दो अलग-अलग दुकानों के साइनबोर्ड पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लिखने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम को कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया था कि बागा (कलंगुट क्षेत्र में) और आरपोरा (अंजुना) के समुद्र तटीय गांवों में दो दुकानों के एलईडी साइनबोर्ड पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लिखे हैं. दोनों गांव उत्तरी गोवा में एक-दूसरे के निकट स्थित हैं.
पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि “दोनों दुकानों से जुड़े नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि ये दुकानें स्वतंत्र रूप से काम करती हैं, लेकिन मंगलवार शाम को दोनों पर एक ही समय में पाकिस्तान के समर्थन में नारे प्रर्दिशत किए गए थे.” हिरासत में लिये गए लोगों में से चार को कलंगुट पुलिस ने और पांच को अंजुना पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस ने तुरंत विवादित एलईडी बोर्ड को हटा दिया और इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालना) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है.



