बूटा सिंह पर टिप्पणी को लेकर विवाद के बीच वडिंग ने अनुसूचित जाति आयोग में पेशी से छूट मांगी

केजरीवाल ने बूटा सिंह पर 'जातिसूचक' टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस नेता वड़िंग पर साधा निशाना

चंडीग­ढ़/तरन तारन. पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत बूटा सिंह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बृहस्पतिवार को राज्य अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष पेशी से छूट मांगी.
वडिंग की ओर से अधिवक्ता अर्शप्रीत सिंह खडियाल आयोग के समक्ष पेश हुए; हालांकि, कार्यवाही के दौरान वह ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ जमा नहीं कर सके.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वडिंग को उनकी कथित जातिवादी टिप्पणियों के लिए छह नवंबर को आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा गया था. वडिंग ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रदेश में उपचुनाव का हवाला देते हुए आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेशी से छूट मांगी और उपचुनाव समाप्त होने के बाद एक नयी तारीख देने का अनुरोध किया.

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि तरनतारन जिला चुनाव अधिकारी सह उपायुक्त ने भी आयोग के समक्ष पेशी से छूट मांगी .
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह ग­ढ़ी ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) ने एक औपचारिक पत्र के माध्यम से आयोग को सूचित किया कि वडिंग को एक नोटिस जारी कर मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है .

उन्होंने बताया कि तरनतारन के डीईओ ने विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के कारण उपस्थिति से छूट का अनुरोध किया था. उन्होंने बताया कि अनुरोध स्वीकार करते हुए आयोग ने 17 नवंबर तक का समय दे दिया है. ग­ढ़ी ने बताया कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कपूरथला पुलिस ने वडिंग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस मामले का संज्ञान लेते हुए, आयोग ने कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट की एक प्रति 10 नवंबर तक मांगी है.

वडिंग, बूटा सिंह के खिलाफ कथित जातिवादी टिप्पणी के लिए विपक्षी दलों के नेताओं के निशाने पर हैं. यह टिप्पणी उन्होंने 11 नवंबर को तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए की थी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को बिना शर्त माफी मांगी और कहा कि वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता बूटा सिंह को पितातुल्य मानते हैं और उनका या किसी और का कभी भी अनादर नहीं कर सकते.

केजरीवाल ने बूटा सिंह पर ‘जातिसूचक’ टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस नेता वड़िंग पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री दिवंगत बूटा सिंह के खिलाफ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की ‘जातिवादी’ टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की ‘मानसिकता’ को दर्शाता है.

केजरीवाल तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के लिए प्रचार कर रहे थे. तरनतारन में 11 नवंबर को मतदान होगा. वड़िंग का नाम लिए बिना केजरीवाल ने कहा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस के एक ‘बड़े नेता’ ने बूटा सिंह के खिलाफ गलत टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने जो शब्द इस्तेमाल किया, उसे वह यहां दोहरा नहीं सकते.

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा,”हम इन टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं. लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है.” वड़िंग ने तरन तारन उपचुनाव के सिलसिले में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए बूटा सिंह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके बाद वह प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों के नेताओं के निशाने पर आ गये .

इस मामले को लेकर आलोचनाओं के बाद वडिंग ने सोमवार को ‘बिना शर्त माफी’ मांगी और कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता बूटा सिंह उनके लिए पिता समान हैं. इस मामले में बूटा सिंह के बेटे की शिकायत पर ‘अपमानजनक और जातिवादी’ टिप्पणी को लेकर वड़िंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इस बीच, केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार में पिछले तीन वर्षों में योग्यता के आधार पर लगभग 56,000 सरकारी नौकरियां दी गई हैं. तरनतारन उपचुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. यह सीट जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button