दूसरे चरण के मतदान के लिए बिहार में चाक-चौबन्द सुरक्षा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 09:49 PM
दूसरे चरण के मतदान के लिए बिहार में चाक-चौबन्द सुरक्षा
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मंगलवार को होने वाले मतदान के दौरान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

राज्य में दूसरे और अंतिम चरण के तहत 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. इसके लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं. राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगभग 8,491 मतदान केंद्रों (पीएसएल) को संवेदनशील के तौर पर चिह्नित किया गया है, जहां सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती और विशेष निगरानी रहेगी.

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में चुनाव-पूर्व ड्यूटी के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की करीब 500 कंपनियां (लगभग 50,000 जवान) पहले से तैनात थीं. इसके अलावा अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में और 500 कंपनियों को राज्य में भेजा गया था.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिहार पुलिस के 60,000 से अधिक कर्मी चुनावी ड्यूटी में पहले से लगे हुए हैं. इसके अलावा अन्य राज्यों से आए रिजर्व बटालियन के लगभग 2,000 जवान, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के 30,000 कर्मी, 20,000 से अधिक होमगार्ड, प्रशिक्षणरत 19,000 नए सिपाही और करीब डे­ढ़ लाख अन्य कर्मी (ग्रामीण पुलिस) भी दोनों चरणों के लिए चुनावी ड्यूटी में लगे हैं.

जब उनसे दूसरे चरण में संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या के बारे में पूछा गया तो अधिकारी ने कहा, “सुरक्षा की दृष्टि से सभी बूथ समान रूप से महत्वपूर्ण हैं.” उन्होंने बताया कि गया जिले में सर्वाधिक 1,084 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं, इसके बाद औरंगाबाद में 942, रोहतास में 827, नवादा में 690, बांका में 613, भागलपुर में 574, बेतिया में 526, अररिया में 518, सुपौल में 406, बगहा में 368, जमुई में 357, भभुआ में 325, अरवल में 315, जहानाबाद में 287, और मधुबनी में 282 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं.

उन्होंने बताया, “कुछ जिलों में संवेदनशील केंद्रों की संख्या शून्य है, जिनमें किशनगंज, पूर्णिया, मोतिहारी और सीताम­ढ़ी शामिल हैं.” अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में छह नवम्बर को हुए चुनाव में बिहार में अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था. पहले चरण 65 फीसदी से अधिक वोट पड़े.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu