‘रिसिन’ जहर आतंकी साजिश: गुजरात एटीएस ने डॉ. सैयद के हैदराबाद स्थित घर से रसायन जब्त किया

अहमदाबाद. घातक रासायनिक जहर ‘रिसिन’ से जुड़ी आतंकी साजिश मामले की जांच कर रहे गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने गिरफ्तार डॉक्टर अहमद मोहिउद्दीन सैयद के हैदराबाद स्थित घर पर तलाशी ली तथा रसायन और कच्चा माल जब्त किया. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने कहा कि दो अन्य गिरफ्तार आरोपियों के उत्तर प्रदेश स्थित घरों पर भी इसी तरह की तलाशी ली गई. हालांकि, अभी तक कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में कार विस्फोट के सिलसिले में डॉ. सैयद और पकड़े गए अन्य चिकित्सकों के बीच अब तक कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है.

एटीएस ने रविवार को डॉ. सैयद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक आतंकी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया. डॉ सैयद कथित तौर पर ‘रिसिन’ जहर तैयार कर रहा था और उसका आका इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (आईएसकेपी) से जुड़ा है. दो अन्य की पहचान आजाद सुलेमान शेख और मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम के रूप में की गई है.

एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”जांच के हिस्से के रूप में, गुजरात एटीएस की एक टीम ने मंगलवार को (हैदराबाद के) राजेंद्रनगर इलाके में सैयद के घर पर तलाशी अभियान चलाया तथा एक रसायन और कुछ कच्चा माल बरामद किया, जो उसने अपने घर में एक अज्ञात पदार्थ तैयार करने के लिए रखा था.” उन्होंने कहा कि जब्त किया गया रसायन और अन्य कच्चे माल को फोरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है.

अधिकारी ने कहा, ”अभी तक, डॉ. सैयद और दिल्ली में हाल ही में हुए बम विस्फोट के सिलसिले में पकड़े गए अन्य चिकित्सकों के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया है.” उन्होंने कहा कि दो अन्य गिरफ्तार आरोपियों- शेख और खान- के उत्तर प्रदेश स्थित घरों पर ली गई तलाशी में कुछ भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button