छत्तीसगढ़ के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ पी चौधरी की प्रशंसा राष्ट्रीय स्तर पर बनी सेवा संकल्प अभियान’ की टीम ने की है। चौधरी को सेवा संकल्प अभियान का छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाया गया था।
सोशल मीडिया पर अपना प्रशंसा प्रमाण—पत्र पोस्ट करते हुए वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ पी चौधरी ने कहा कि सेवा से संकल्प, संकल्प से स्थायी बदलाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज रायगढ़ के खर्रा घाट में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत घाट स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
इस अवसर पर नई पीढ़ी के साथ वरिष्ठजन, गणमान्य नागरिक और शहर के प्रतिष्ठित लोग भी बड़ी संख्या में सहभागी बने। पूर्व आइएएस रहे ओ पी चौधरी ने आगे कहा कि यह केवल एक दिन की स्वच्छता गतिविधि नहीं है। केलो मैया के संरक्षण और खर्रा घाट के स्थायी विकास की दिशा में लगभग ₹30 करोड़ की स्वीकृति के बाद 8.5 एकड़ के ऑक्सीजोन और मरीन ड्राइव के विकास की योजना पर कार्य प्रारंभ किया गया है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और केलो मैया के पुनरुद्धार की दिशा में यह एक दीर्घकालिक प्रयास है।
श्री चौधरी ने कहा कि मैंने इस अभियान के तहत Saral App पर अपने सेवा कार्यों में सहभागिता दर्ज करा दी है। आप भी इस अभियान से जुड़ें और जनसेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाये।
