छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के चुनाव में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर सियासत गरमा गई है. यूथ कांग्रेस चुनाव में कथित अनियमितताओं की शिकायत राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.
उन्होंने कांग्रेस के भीतर ही चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी और फर्जी आईडी से वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया. अंबिकापुर में निजी चैनल से खास बातचीत में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जो कांग्रेस दूसरे दलों पर वोट चोरी का आरोप लगाती है, उसके अपने ही संगठन के चुनाव में गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की नाव में इतने छेद हो गए हैं कि पार्टी एक छेद को बंद करती है तो दूसरा छेद खुल जाता है.
नेताम ने कहा कि यूथ कांग्रेस के निर्वाचन में फर्जी आईडी के जरिए वोट डलवाने की शिकायतें सामने आना गंभीर मामला है. उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने भीतर की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए.
राजनीतिक मुद्दे के अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रदेश में धान की खेती और समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी को लेकर भी सरकार की तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार किसानों से धान खरीदी को लेकर आवश्यक तैयारियां कर रही है और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. कृषि मंत्री ने अपने खेत में लगी फसलों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद वह अपने खेत की फसलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हैं और खेती-किसानी से जुड़े कामों पर नजर रखते हैं.
कृषि मंत्री ने बताया कि वे अपने खेत का इस हद तक ख्याल रखते हैं कि खेत के किस से हिस्से की मिट्टी कैसी है, किस हिस्से में पानी पर्याप्त मात्रा में पहुंच जाता है या नहीं पहुंच पाता है उन्होंने बताया कि उनके खेत में थोड़ी सी पानी की कमी हुई थी लेकिन तालाब के माध्यम से सिंचाई कर रहे हैं उन्होंने यह भी बताया कि तीन एकड़ में कुरथी लगाएं हैं.