भरोसे का क़त्ल : 4.5 करोड़ की प्रॉपर्टी अपने नाम कराई, फिर पति को सुला दिया मौत के घाट, प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश, मिली उम्रकैद

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 11 Nov 2026 10:00 AM
भरोसे का क़त्ल : 4.5 करोड़ की प्रॉपर्टी अपने नाम कराई, फिर पति को सुला दिया मौत के घाट, प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश, मिली उम्रकैद
ऑडियो सुनें

साढ़े 6 फुट के हैंडसम और करोड़ों की संपत्ति के मालिक पति को एक पत्नी ने महज 2 फुट के ट्रॉली बैग में ठूंस दिया। जब पति की डेड बॉडी बैग में फिट नहीं हो रही थी, तो मोहतरमा उसके ऊपर बैठ-बैठकर उसे अंदर एडजस्ट करने लगीं।

लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यही ट्रॉली बैग, घर की सीढ़ियां और उनकी लग्जरी BMW कार उनके खिलाफ सबसे बड़े सबूत बन जाएंगे।

दरअसल, यह मामला पंजाब के चंडीगढ़ के पास मोहाली का है। यहां एके ढिल्लों अपनी पत्नी सीरत कौर और दो बच्चों के साथ एक आलीशान कोठी में रहते थे।

सीरत कौर के पास घूमने के लिए BMW कार थी। घर में नौकर-चाकर थे और खाना बनाने के लिए भी मेड रखी हुई थी। यानी उन्हें किसी चीज की कमी नहीं थी।

एके ढिल्लों अपनी पत्नी पर इतना भरोसा करते थे कि जब उन्होंने गुरुग्राम में 4.5 करोड़ रुपये की एक प्रॉपर्टी खरीदी, तो सीरत कौर ने उन्हें सलाह दी कि इतनी महंगी प्रॉपर्टी अपने नाम मत करवाइए। इसे मेरे और मेरी मां के नाम कर दीजिए। बाद में मेरी मां आपको गिफ्ट कर देंगी।

एके ढिल्लों ने पत्नी की बात मान ली और प्रॉपर्टी उनके और उनकी सास के नाम करवा दी। लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे सीरत कौर का रवैया बदलने लगा। एके ढिल्लों को डर सताने लगा कि कहीं भविष्य में उनकी पत्नी के भाई उस प्रॉपर्टी पर दावा न कर दें।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगे। वहीं, सीरत कौर के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ अफेयर होने की बात भी सामने आई।

फिर तारीख आती है 18 मार्च 2017 की।

शाम को बड़ा बेटा स्कूल से घर लौटता है और रात में एके ढिल्लों भी घर आ जाते हैं। पूरा परिवार साथ बैठकर डिनर करता है। खाना खाने के बाद दोनों बच्चे अपने कमरे में सोने चले जाते हैं और एके ढिल्लों अपनी पत्नी के साथ बेडरूम में चले जाते हैं।

लेकिन उस रात पति-पत्नी के बीच एक बार फिर विवाद हो जाता है। एके ढिल्लों रोज की तरह इसे छोटी-मोटी बहस समझकर सो जाते हैं।

लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी बगल में लेटी पत्नी के दिमाग में कुछ और ही चल रहा है. दरअसल, विवाद के बाद सीरत कौर चुपचाप बिस्तर से उठती हैं और दूसरे कमरे से रिवॉल्वर लेकर आती हैं।

इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रहा एके ढिल्लों का 11 साल का बेटा जाग जाता है। वह तुरंत माता-पिता के बेडरूम के पास पहुंचकर पूछता है, “यहां गोली चलने जैसी आवाज क्यों आई?”

इस पर मां जवाब देती है, “बेटा, टीवी चल रहा है, उसी की आवाज है। तुम जाकर सो जाओ।” इसके बाद सीरत कौर एक ट्रॉली बैग लेकर आती हैं और उसमें अपने साढ़े 6 फुट लंबे पति की लाश डालने की कोशिश करती हैं।

लेकिन मुश्किल यह थी कि महज 2 फुट के उस छोटे से बैग में इतनी बड़ी बॉडी कैसे फिट होती? जब डेड बॉडी अंदर नहीं जा रही थी, तो सीरत कौर बैग के ऊपर बैठ-बैठकर उसे अंदर एडजस्ट करने की कोशिश करती हैं और आखिरकार बैग की जिप बंद कर देती हैं।

इसके बाद वह अपने पति की लाश उसी BMW कार में रखकर वहां से निकल जाती हैं। लेकिन वह यह भूल गई थीं कि घर की सीढ़ियों, फर्श और कार में ऐसे सबूत छूट चुके थे, जो एक दिन उन्हें पुलिस तक पहुंचा देंगे।

पुलिस ने जांच शुरू की और सीरत कौर की लोकेशन समेत तमाम सबूतों को खंगाला। आखिरकार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। करीब 9 साल बाद, जुलाई 2026 में अदालत ने सीरत कौर को उम्रकैद की सजा सुनाई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group