भुवनेश्वर. बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित होने के संकेत मिले हैं। दक्षिण अंडमान सागर के आसपास बुधवार को चक्रवाती परिसंचरण बनने के बाद इसके धीरे-धीरे मजबूत होने की संभावना जताई गई है। मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, यह सिस्टम 13 नवंबर के आसपास निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके बाद उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 14 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव क्षेत्र में विकसित होने का अनुमान है।
मौसम के मौजूदा संकेतों के अनुसार, अनुकूल वायुमंडलीय परिस्थितियां बनी रहने पर यह सिस्टम और अधिक संगठित हो सकता है। इसके परिणामस्वरूप 15 नवंबर तक मध्य या दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बनने की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम
मौसम प्रणाली की दिशा, गति और तीव्रता को लेकर अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इसके संभावित मार्ग और प्रभाव को लेकर स्थिति धीरे-धीरे स्पष्ट होगी। समुद्र तटीय क्षेत्रों और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
हालांकि, इस सिस्टम के ओडिशा के तटीय जिलों को किस हद तक प्रभावित करने की संभावना है, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट पूर्वानुमान सामने नहीं आया है। फिलहाल मौसम विभाग की आगे की निगरानी और अपडेट पर नजर बनी हुई है।