CG Crime News: गोवर्धन पूजा की रात महिला की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 09:05 AM
CG Crime News: गोवर्धन पूजा की रात महिला की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में एक महिला की पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका के ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुड़कमपाट (चंचलचुवों) निवासी 46 वर्षीय पलंगी नगेशिया का शव भीतरकोना जंगल में पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में मिला था. महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शव खून से सना हुआ था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की.

 

ममेरे भाई ने ही की हत्या

विवेचना के दौरान बलरामपुर जिले की पुलिस को पता चला कि महिला की हत्या उसके ममेरे भाई मदन नगेशिया (47) ने की है. बताया गया कि करीब दो से तीन महीने पहले आरोपी के छोटे बेटे और मृतिका की नातिन के बीच बच्चों को लेकर विवाद हुआ था. इस दौरान पलंगी और मदन के बीच भी झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में महिला के प्रति नाराजगी थी.

पुलिस के मुताबिक, गोवर्धन पूजा के दिन आरोपी ने हंडिया का सेवन किया और रात में पलंगी को जंगल की ओर ले गया. वहां पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी और शव को जंगल में छोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद चांदो पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया. वैज्ञानिक अधिकारी की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए. गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मदन नगेशिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, आरक्षक संदीप और महिला आरक्षक मित्रविंदा की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav