AI के लिए पुनर्गठन: क्या टेक सेक्टर में छंटनी की एक और लहर आ रही है? मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूरोप की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी और जर्मन सॉफ्टवेयर दिग्गज SAP लगभग 10,000 नौकरियां खत्म करने की योजना बना रही है। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कंपनी इससे पहले एक पुनर्गठन कार्यक्रम की घोषणा कर चुकी है, जिससे हजारों कर्मचारी प्रभावित हुए थे।
कैसे होगी नौकरियों में कटौती
रिपोर्ट्स के मुताबिक कटौती छंटनी, कर्मचारियों के खुद नौकरी छोड़ने (एट्रिशन) और स्वेच्छा से काम छोड़ने (वॉलंटरी एग्जिट) के जरिए की जा सकती है। SAP ने अभी तक सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि कौन सी टीमें प्रभावित हो सकती हैं। कंपनी के पास दुनिया भर में 1,00,000 से अधिक कर्मचारी हैं और उसके उत्पादों का इस्तेमाल कंपनियां फाइनेंस, सप्लाई चेन, मानव संसाधन (HR) और अन्य अहम कार्यों के प्रबंधन के लिए करती हैं।
SAP नौकरियां क्यों कम कर रही है?
कई अन्य टेक कंपनियों की तरह SAP भी अपने कारोबार को AI के इर्द-गिर्द फिर से तैयार कर रही है। पिछले दो वर्षों में AI-आधारित सॉफ्टवेयर टूल्स की मांग में भारी उछाल आया है, जिसके चलते कंपनियां खर्च और टैलेंट उन उत्पादों की ओर लगा रही हैं जो कार्यों को ऑटोमेट कर सकें और उत्पादकता बढ़ा सकें। SAP अपने सॉफ्टवेयर पोर्टफोलियो और क्लाउड सेवाओं में AI फीचर्स पर भारी निवेश कर रही है, जो अब विकास का मुख्य जरिया बन गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार हाल की छंटनी कामकाज सुव्यवस्थित करने और AI निवेश के लिए संसाधन जुटाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
यह SAP का पहला पुनर्गठन नहीं
2024 की शुरुआत में SAP ने एक पुनर्गठन योजना की घोषणा की थी, जिससे करीब 8,000 पदों पर असर पड़ा। तब कंपनी ने कहा था कि वह रणनीतिक विकास वाले क्षेत्रों, खासकर ‘बिजनेस AI’ पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। कुछ पद घटाने के बावजूद कंपनी तेजी से बढ़ते चुनिंदा क्षेत्रों में नई भर्तियां जारी रखे हुए है। यानी कुछ कर्मचारियों को नई भूमिकाओं में भेजा जा सकता है, जबकि कुछ को कंपनी छोड़नी पड़ सकती है।
AI से बदल रहे हैं टेक सेक्टर में भर्ती के तरीके
SAP की योजनाएं पूरे टेक सेक्टर में चल रहे बड़े बदलाव को दर्शाती हैं। कॉर्पोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ कृष्णा अय्यर ने NDTV को बताया कि कंपनियां AI इंफ्रास्ट्रक्चर, सॉफ्टवेयर और टैलेंट पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं, साथ ही कई कंपनियां उन पदों को हटा रही हैं जो एक जैसे काम करते हैं, मैन्युअल हैं या भविष्य के विकास के लिए बहुत अहम नहीं हैं। उनके मुताबिक पिछले दो वर्षों में कई बड़ी टेक कंपनियों ने छंटनी या पुनर्गठन की घोषणा की है, जबकि साथ ही वे AI उत्पादों और डेटा सेंटरों में निवेश बढ़ा रही हैं।