एनडीएमसी ने राजपथ का नाम बदलकर ‘‘कर्तव्य पथ’’ करने का प्रस्ताव किया पारित

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 07 Sep 2022 06:15 PM
एनडीएमसी ने राजपथ का नाम बदलकर ‘‘कर्तव्य पथ’’ करने का प्रस्ताव किया पारित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजपथ का नाम बदलकर ‘‘कर्तव्य पथ’’ करने का प्रस्ताव बुधवार को पारित किया. केंद्रीय विदेश तथा संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की अध्यक्षता में एनडीएमसी की एक विशेष बैठक यहां आयोजित की गई. लेखी एनडीएमसी की सदस्य भी हैं. उन्होंने बताया कि बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया.

लेखी ने कहा, ‘‘ हमने परिषद की विशेष बैठक में राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है.’’  नडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बताया कि आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से इस संबंध में प्रस्ताव मिला था.
उन्होंने कहा कि अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को ‘‘कर्तव्य पथ’’ कहा जाएगा. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिवंद केजरिवाल भी एनडीएमसी के सदस्य हैं, लेकिन वह बैठक में शामिल नहीं हुए. नगर निकाय ने बाद में राजपथ का नाम बदलने के लिए बैठक में पारित प्रस्ताव को जारी किया.

प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘ नई दिल्ली में आज (बुधवार) परिषद कक्ष पालिका केंद्र में आयोजित एक विशेष बैठक में एनडीएमसी परिषद ने राजपथ व सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर कर्तव्य पथ करने का संकल्प लिया.’’ प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि संबंधित विभाग, परिषद द्वारा किए गए निर्णय पर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर सकते हैं, जैसे ‘बोर्ड’ और ‘साइनेजÞ’ पर नाम बदलना.
राजपथ को ब्रिटेश शासन के दौरान ‘ंिकग्सवे’ कहा जाता था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में औपनिवेशिक मानसिकता से जुड़े प्रतीकों को खत्म करने पर जोर दिया था.

अधिकारियों ने कहा कि इसका ‘कर्तव्य पथ’ नाम रखना ‘‘ सत्तारूढ़ वर्ग को इस बात का संदेश है कि शासकों का युग अब समाप्त हो चुका है.’’ गौरतलब है कि 2015 में ‘रेस कोर्स रोड’ का नाम बदलकर लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया था, यहां प्रधानमंत्री आवास स्थित है. उसी वर्ष औरंगजेब रोड का नाम बदलकर एपीजे अब्दुल कलाम रोड कर दिया गया. 2017 में डलहौजी रोड का नाम बदलकर दारा शिकोह रोड कर दिया गया. 2018 में तीन मूर्ति चौक का नाम बदलकर तीन मूर्ति हाइफा चौक कर दिया गया.

अकबर रोड का नाम बदलने के लिए कई प्रस्ताव आए हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं किया गया है. सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन आठ सितंबर को प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा. 20 माह से बंद इस इलाके को नौ सितंबर से लोगों के लिए खोला जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav