कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा आरंभ, राहुल बोले: तिरंगे पर हो रहा है हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Sep 2022 10:17 PM
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा आरंभ, राहुल बोले: तिरंगे पर हो रहा है हमला
ऑडियो सुनें

कन्याकुमारी. कांग्रेस ने बुधवार को कन्याकुमारी से अपनी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की औपचारिक शुरुआत की और इस मौके पर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मौजूदा समय में तिरंगे पर हमला किया जा रहा है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस यात्रा की शुरुआत के प्रतीक के तौर पर राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा और फिर कन्याकुमारी के तट पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में एक जनसभा को संबोधित किया. कांग्रेस की रैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का संदेश पढ़ा गया. उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो ” यात्रा भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है और यह पार्टी के संगठन के लिए संजीवनी का काम करेगी.

राहुल गांधी ने यात्रा की औपचारिक शुरुआत के मौके पर यह दावा भी किया कि मोदी सरकार सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) और ईडी(प्रवर्तन निदेशालय) का उपयोग करके विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कोई भी विपक्षी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है. कांग्रेस नेता ने महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी, नोटबंदी का उल्लेख करते हुए यह भी कहा कि देश गहरे आर्थिक संकट से घिर गया है और अब बर्बादी की तरफ बढ़ रहा है.

‘भारत जोड़ो’ यात्रा की बुधवार शाम औपचारिक शुरुआत हुई, हालांकि राहुल गांधी और उनके साथ चलने वाले 118 अन्य ‘भारत यात्री’ बृहस्पतिवार को विधिवत पैदल मार्च की शुरुआत करेंगे. राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में मौजूद नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में तिरंगे का उल्लेख करते हुए कहा, “यह तिरंगा कोई उपहार में नहीं मिला है, बल्कि भारत की जनता ने हासिल किया है. यह तिरंगा हर भारतीय, हर व्यक्ति के धर्म, हर व्यक्ति की भाषा और हर राज्य का प्रतिनिधित्व करता है. ” उन्होंने कहा कि यह ध्वज हर समुदाय, हर प्रदेश, हर वर्ग और हर धर्म का है.

राहुल गांधी ने कहा, “इस ध्वज के साथ एक-एक भारतीय की पहचान जुड़ी है. यह ध्वज हर व्यक्ति को सुरक्षा, जीवन जीने के अधिकार और आस्था के अधिकार की गारंटी देता है.” उन्होंने दावा किया, ‘‘आरएसएस और भाजपा हर संस्था पर आक्रमण कर रहे हैं. वे ध्वज को अपनी निजी संपत्ति समझते हैं…भाइयों और बहनों, आज तिरंगे पर हमला हो रहा है.’’

राहुल गांधी ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में खुद से हुई पूछताछ का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, ‘‘वे सोचते हैं कि ईडी, सीबीआई का उपयोग करके विपक्ष को डरा लेंगे. समस्या है कि वे भारत के लोगों को समझते नहीं हैं. आप कितनी भी पूछताछ कर लो, कोई भी विपक्षी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है.’’ उन्होंने भाजपा की सोच को देश के लिए विभाजनकारी करार दिया लेकिन कहा कि यह देश नही बंटेगा और एकजुट रहेगा. उन्होंने दावा किया कि भारत बहुत बड़े आर्थिक संकट से घिरा है और बर्बादी की तरफ बढ़ रहा है.

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘नोटबंदी, गलत जीएसटी, कृषि विरोधी तीन कानून, ये सब कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए उठाए गए कदम थे. यह वही विचार है जो अंग्रेजों का हुआ था कि भारत को बांटों, भारत के लोगों को एक दूसरे से लड़ाओ और फिर भारत को लूटो.’’ उनके अनुसार, अंग्रेजों के समय ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ होती थी और आज तीन-चार कंपनियां पूरे भारत को नियंत्रित कर रही हैं.
कांग्रेस नेता ने यात्रा की शुरुआत के मौके पर आने के लिए स्टालिन का धन्यवाद किया.

कांग्रेस की इस जनसभा में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ‘राहुल-राहुल’ के नारे लगाए. कन्याकुमारी के तटीय इलाके का यह आयोजन स्थल राहुल गांधी की तस्वीरों और तिरंगे से पटा पड़ा था. राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए. यहीं पर तीन दशक पहले एक आतंकवादी हमले में राजीव गांधी की मृत्यु हो गई थी.

यात्रा की शुरुआत से पहले राहुल विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और कामराज मेमोरियल भी गए.   पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी. यात्रा कर्नाटक में 21 दिनों तक रहेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में जाएगी.

यात्रा के आरंभ होने से पहले, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगर जाति, धर्म के नाम पर नफरत को फैलने से नहीं रोका गया तो देश गृहयुद्ध की तरफ जा सकता है. उन्होंने संवाददाताओं से यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि आए’ और वे हालात को समझ सकें. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत ने यह भी कहा कि पार्टी में सबकी यही भावना है कि राहुल गांधी एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu