इडुक्की (केरल): केरल में इडुक्की के पास नेरिअमंगालम में सोमवार को एक ढलान से केरल राज्य परिवहन निगम की बस करीब 15 फुट नीचे गिर गई जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और 58 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह पहाड़ी जिले में चीयाप्परा और नेरिअमंगालम के पास हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ अद्यतन जानकारी के मुताबिक, एक शख्स की मौत हुई है। दूसरे शख्स की भी हालत गंभीर लगती है। हमें फिलहाल दुर्घटना के कारण का पता नहीं है। बस ढलान से करीब 14-15 फुट नीचे गिर गई।’’
पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें शक है कि बस का टायर फटा होगा जिस वजह से यह हादसा हुआ। यह बस मन्नार से एर्णाकुलम जा रही थी। बस के परिचालक सुभाष ने बताया कि बस में 60 लोग सवार थे। सुभाष ने पीटीआई- भाषा को बताया, ‘‘ जैसे ही हादसा हुआ, स्थानीय लोग फौरन मौके पर पहुंच गए और बचाव काम शुरू कर दिया। चालक ने कहा कि विपरीत दिशा से आ रही किसी गाड़ी ने बस को टक्कर मारी थी। भारी बारिश हो रही थी खिड़कियां बंद थी और मैं ज्यादा कुछ नहीं देख सका।’’ सभी घायलों को एर्णाकुलम में कलामस्सेरी सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।