नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले की सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने के आदेश दिये. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत के अनुरोध के बाद मंत्रालय ने यह कदम उठाया. उल्लेखनीय है कि 43 वर्षीय फोगाट 22-23 अगस्त की दरम्यानी रात गोवा में मृत पायी गई थीं. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखकर विषय की सीबीआई से जांच कराने का अनुरोध किये जाने के बाद गृह मंत्रालय ने यह कदम उठाया.
मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्रालय ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) से मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है. सीबीआई, डीओपीटी के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करती है. हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता फोगाट की मौत को हत्या का मामला माना जा रहा है. इससे पहले दिन में, सावंत ने पणजी में संवाददाताओं से कहा कि गोवा पुलिस ने मामले की ‘‘बहुत अच्छी तरह से जांच’’ की है और उसे कुछ सुराग भी मिले हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हरियाणा के लोगों तथा सोनाली फोगाट की बेटी की मांग के कारण हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने का निर्णय लिया है.’’ ‘टिक-टॉक’ की पूर्व स्टार और रियलिटी टीवी शो “बिग बॉस” की प्रतिभागी रहीं फोगाट को 23 अगस्त को उत्तरी गोवा के एक अस्पताल में मृत हालत में लाया गया था. फोगाट उससे एक दिन पहले अपने दो सहयोगियों के साथ तटीय राज्य गोवा पहुंची थीं.
गोवा पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फोगाट के दो सहयोगी सुधीर सांगवान और सुखंिवदर ंिसह शामिल हैं. पुलिस ने दत्ताप्रसाद गांवकर को भी गिरफ्तार किया है, जिसने सागवान और ंिसह को कथित तौर पर मादक पदार्थ मुहैया कराया था और दोनों ने वह फोगाट को दिया था.
एक अन्य गिरफ्तार व्यक्ति एडविन न्यून्स उत्तरी गोवा जिले में कर्लीज रेस्तरां का मालिक है, जहां फोगाट और उसके सहयोगियों ने उस रात ‘पार्टी’ की थी. मामले में पुलिस ने उत्तरी गोवा के अंजुना निवासी और मादक पदार्थों के कथित तस्कर रामा मांड्रेकर को भी गिरफ्तार किया है. उसने कथित तौर पर गांवकर को मादक पदार्थ की आपूर्ति की थी. पुलिस उपाधीक्षक जीवबा दलवी ने बताया था कि फोगाट को मेथामफेटामाइन दिया गया और रेस्तरां के शौचालय से कुछ मात्रा में इसे बरामद किया गया था.
पुलिस ने कहा था कि सांगवान और ंिसह ने कथित तौर पर पानी में कोई ‘‘पदार्थ’’ मिलाया और फोगाट को पीने के लिए मजबूर किया. चिकित्सकों ने कहा कि फोगाट को दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन उनके भाई ने आरोप लगाया कि उनकी मौत में सांगवान और ंिसह की भूमिका है. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद गिरफ्तारियां की और हत्या के आरोप के साथ प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस ने कहा था कि फोगाट की हत्या के पीछे ‘‘आर्थिक हित’’ एक मकसद हो सकता है.