सर्वेक्षणों में मप्र में भाजपा की जीत दिखाई जा रही है, कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए केंद्रीय योजनाएं रोक दी थीं: राजनाथ

भोपाल. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता को सर्वोच्च मानती है, जबकि कांग्रेस के लिए केवल एक परिवार ही उनका ‘जनार्दन’ है. भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि सर्वेक्षण दिखा रहे हैं कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी.

सिंह ने भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार के लिए राज्य के सागर जिले की सुरखी, नरयावली, बांदा और बीना विधानसभा सीटों पर रैलियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा, अब सर्वेक्षण कह रहे हैं कि भाजपा राज्य में सरकार बनाने जा रही है. रक्षा मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य के तौर पर जाना जाता था लेकिन भाजपा ने इसका विकास कर इस टैग को हटा दिया.

केंद्रीय मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार पर केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को रोकने का आरोप लगाया. सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक दूसरे के ”कपड़े फाड़” रहे हैं और अगर ऐसे लोग सरकार बनाएंगे तो जनता के कपड़े फाड़ देंगे. कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के प्रमुख कमलनाथ हाल में सार्वजनिक हुए एक वीडियो में पार्टी कार्यकर्ताओं को यह कहते सुने गए थे कि शिवपुरी से एक नेता को टिकट देने से इनकार करने को लेकर उनके सहकर्मी दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ दें. इससे, चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी में दरार की अटकलें लगने लगी थीं.

हालांकि दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कोशिश की कि यह बात तूल नहीं पकड़े और विधानसभा चुनाव से पहले एकजुटता दिखाई.
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जनता को सर्वोच्च मानती है जबकि कांग्रेस एक परिवार को अपना ‘जनार्दन’ मानती है. भाजपा शासित मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

Related Articles

Back to top button