देश व समाज बनाने के लिए लड़े जाते हैं चुनाव : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Nov 2023 07:27 PM
देश व समाज बनाने के लिए लड़े जाते हैं चुनाव : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

जयपुर. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि चुनाव केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि समाज और देश बनाने के लिए लड़े जाते हैं. शाहपुरा में एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कहा, ”भारत अब कमजोर देश नहीं रहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह शक्तिशाली भारत बन गया है और भारत जो कहता है उसे दुनिया ध्यान से सुनती है.” सिंह ने कहा, ”इस सच्चाई को कोई नकार नहीं सकता कि मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है. भारत को अब सारी दुनिया में सम्मान की नजरों से देख जाता है.” उन्होंने कहा, ”पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत कुछ बोलता था तो इसकी बातों को लोग अनसुना कर देते थे लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत कुछ बोलता है तो सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है.”

उन्होंने कानून-व्यवस्था, प्रश्नपत्र लीक और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे मुद्दों पर राज्य की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला.
सिंह ने कहा, ”राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच साल में राजस्थान की गरिमा, उसके स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने का काम किया है.” केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”चुनाव केवल सरकार बनाने के लिए नहीं लड़े जाते, चुनाव समाज व देश बनाने के लिए लड़े जाते हैं.”

भाजपा नेता ने कहा, ”पहले की अपेक्षा भारत की आर्थिक ताकत भी बढ़ी है. अर्थव्यवस्था के आकार के मामले में भारत 2014 से पहले दुनिया में 11वें स्थान पर था, जो सात साल में उछाल भरकर आज दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गया है. आर्थिक मामलों के जानकार कहते हैं कि 2027 आते-आते भारत दुनिया के शीर्ष तीन देशों में होगा.”

उन्होंने कहा, ”अगर ऐसे ही इस देश में सरकार काम करती रही तो इस सच्चाई को भी नकारा नहीं जा सकता कि दुनिया में अर्थव्यवस्था के आकार व ताकत के मामले सबसे बड़ा कोई देश होगा तो वह भारत होगा.” सिंह ने दावा किया कि जिस समय रूस-यूक्रेन का युद्ध चल रहा था प्रधानमंत्री मोदी ने रूस, यूक्रेन और अमेरिका के राष्ट्रपति को फोन कर चार-पांच घंटे के लिए युद्ध रुकवाया और वहां फंसे भारतीय छात्रों को निकाला गया.

उन्होंने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद बढ़ गया है, इसके कारण ऐसा हुआ.” सिंह ने कहा, ”मैंने सुना है, मुझे नहीं पता कि यह सही है या गलत, राज्य में दो लाख महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की प्राथमिकी दर्ज की गई है और (मुख्यमंत्री) गहलोत साहब कह रहे हैं कि महिलाएं झूठी प्राथमिकी दर्ज करा रही हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu