तेलंगाना: सिब्बल ने विधायकों के शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने पर भाजपा की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 06:08 PM
तेलंगाना: सिब्बल ने विधायकों के शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने पर भाजपा की आलोचना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इस्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायक अकबरुद्दीन औवेसी को अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) नियुक्त किये जाने को लेकर तेलंगाना में नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा बहिष्कार करने पर राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को केंद्र में सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, इस तरह ”सार्वजनिक तौर पर नफरत की अभिव्यक्ति” यह सोचने पर मजबूर करती है कि देश किस दिशा में जा रहा है.
तेलंगाना की तीसरी विधानसभा का पहला सत्र शनिवार को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह के साथ शुरू हुआ.
हालांकि, भाजपा विधायक ने सदन से दूरी बनाये रखी और आरोप लगाया कि नियमों का उल्लंघन कर एआईएमआईएम विधायक औवेसी को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया.

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में सिब्बल ने कहा, ”अकबरुद्दीन ओवैसी को तेलंगाना का अस्थायी अध्यक्ष बनाने पर भाजपा के आठ विधायकों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया. सार्वजनिक तौर पर इस तरह नफरत की अभिव्यक्ति यह सोचने पर मजबूर करती है कि मेरा देश कहां जा रहा है!” पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”क्या यही लोकतंत्र की जननी है, जिसकी हम सार्वजनिक रूप से घोषणा करते हैं.”

तेलंगाना विधानसभा का शनिवार को सत्र शुरू होने से पहले, राजभवन में राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने ओवैसी को अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई और उन्होंने (ओवैसी ने) सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता की.
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की तेलंगाना इकाई के प्रमुख जी किशन रेड्डी ने आरोप लगाया था कि सदन में अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद होने के बावजूद औवेसी को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu