केंद्र सरकार केवल कांग्रेस को निशाना क्यों बनाती है: सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 07:24 PM
केंद्र सरकार केवल कांग्रेस को निशाना क्यों बनाती है: सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से कथित तौर पर जुड़े परिसरों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त किए जाने के बाद रविवार को केंद्र पर आरोप लगाया कि वह केवल कांग्रेस को निशाना बना रही है.
वह झारखंड और ओडिशा में साहू से संबद्ध कंपनियों पर हाल में हुई आयकर विभाग की छापेमारी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

सिद्धरमैया ने पत्रकारों से कहा, “वह (भाजपा नीत केंद्र सरकार) केवल कांग्रेस को निशाना बना रही है. उन्हें भाजपा नेताओं के खिलाफ भी छापे मारने चाहिए. तभी पता चलेगा कि उनके पास कितनी (काली कमाई) है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसने भी काला धन जमा किया है, वह आयकर अधिनियम के मुताबिक गलत है. आयकर विभाग को कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए.

सिद्धरमैया ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां चुनिंदा रूप से कांग्रेस को निशाना बना रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, “वे केवल कांग्रेस नेताओं पर क्यों कार्रवाई करते हैं, भाजपा पर क्यों नहीं? अगर भाजपा के लोगों के परिसरों में छापा मारा जाए तो भारी मात्रा में नकदी मिलेगी.” ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड और उससे संबद्ध कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है. अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई रकम 290 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu