छत्तीसगढ़ में यूपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण प्रतिभागियों को बड़ी सौगात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 06:47 PM
छत्तीसगढ़ में यूपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण प्रतिभागियों को बड़ी सौगात
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के यूपीएससी मेंस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बड़ी सौगात दी है. राज्य सरकार ने संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है. यह ऐतिहासिक फैसला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लिया गया है, जिसके तहत नगरीय प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर इसको महापौर सम्मान राशि निधि के अंतर्गत शामिल किया है. छत्तीसगढ़ सरकार की यह घोषणा को यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायी कदम है, जो राज्य में यूपीएससी परीक्षा को लेकर प्रतिभागियों में प्रतिस्पर्धी वातावरण को बढ़ावा देगा.

यूपीएससी 2024 में छत्तीसगढ़ के 5 अभ्यर्थियों की शानदार उपलब्धि
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम 22 अप्रैल 2025 को घोषित किए, जिसमें छत्तीसगढ़ के पांच अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है. इन अभ्यर्थियों के नाम और उनकी रैंक इस प्रकार है – पूर्वा अग्रवाल (रायपुर) – 65वीं रैंक, अर्पण चोपड़ा (मुंगेली) – 313वीं रैंक, मानसी जैन (जगदलपुर) – 444वीं रैंक, केशव गर्ग (अंबिकापुर) – 496वीं रैंक, शची जायसवाल – 654वीं रैंक. इन अभ्यर्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से न केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल की, बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहनीय पहल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं. यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर हमारे युवाओं ने साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं. एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा हमारी सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो युवाओं को सिविल सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने आगे कहा कि यह प्रोत्साहन राशि न केवल अभ्यर्थियों की मेहनत को सम्मान देगी, बल्कि अन्य युवाओं में भी यूपीएससी की तैयारी के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को जागृत करेगी. हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए एक अनुकूल और प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण हो.

महापौर सम्मान राशि निधि से मिलेगी प्रोत्साहन राशि
नगरीय प्रशासन विभाग के अनुसार, यह प्रोत्साहन राशि नगर निगमों के तहत संचालित महापौर सम्मान राशि निधि से प्रदान की जाएगी. इस योजना के तहत यूपीएससी की मुख्य परीक्षा पास करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. यह कदम न केवल अभ्यर्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा.

राज्य में बढ़ेगा प्रतिस्पर्धी माहौल
शिक्षा विशेषज्ञों और यूपीएससी कोचिंग संस्थानों ने इस घोषणा की सराहना की है. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह फैसला छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए गेम-चेंजर साबित होगा. प्रोत्साहन राशि से न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि यह युवाओं को सिविल सेवाओं की ओर आकर्षित करेगा. इससे राज्य में यूपीएससी की तैयारी का स्तर और बेहतर होगा.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस दूरदर्शी कदम से छत्तीसगढ़ में यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को नई ऊर्जा मिलेगी. एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा न केवल सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित करेगी, बल्कि अन्य युवाओं को भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी. इस पहल से छत्तीसगढ़ में सिविल सेवाओं के प्रति एक सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी वातावरण का निर्माण होगा, जो भविष्य में और अधिक युवाओं को इस क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu