बाल पर्यवेक्षण गृह से फरार हुए एक दर्जन बाल कैदी, पांच पकड़े गए

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 03:17 PM
बाल पर्यवेक्षण गृह से फरार हुए एक दर्जन बाल कैदी, पांच पकड़े गए
ऑडियो सुनें

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार देर रात लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित बाल पर्यवेक्षण गृह से एक दर्जन बाल कैदी गार्ड पर हमला कर फरार हो गए जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच बच्चों को पकड़ लिया है, जबकि सात अब भी फरार हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब 11 बजे की है जब बाल पर्यवेक्षण गृह में रह रहे कुछ बाल कैदियों ने एक सुरक्षाकर्मी पर अचानक हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चों ने डंडों और ईंटों से वार कर गार्ड को घायल कर दिया और दीवार फांदकर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया, ‘‘ कुल 12 बच्चे फरार हुए थे, जिनमें से पांच को पुलिस ने पकड़ लिया है। बाकी फरार बच्चों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है।’’ पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि बाल पर्यवेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से कमजोर बताई जा रही थी। सूत्रों ने बताया कि पर्यवेक्षण गृह में कई बार अनुशासनहीनता और र्किमयों की लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं साथ ही पिछले सात महीनों में यहां तीन किशोरों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital