अभिनेता ऋतुराज सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 20 Feb 2024 07:51 PM
अभिनेता ऋतुराज सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन
ऑडियो सुनें

मुंबई:  पहली बार 1993 में टीवी शो ‘बनेगी अपनी बात’ से प्रसिद्ध हुए और अगले तीन दशकों में कई टीवी सीरीयल, फिल्मों और ओटीटी शो में नजर आए प्रसिद्ध अभिनेता ऋतुराज सिंह का मंगलवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह 59 साल के थे.
पेट की किसी समस्या के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और कुछ ही दिन पहले उन्हें छुट्टी दी गई थी. उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि देर रात 12:30 बजे के आसपास दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया.
सिंह ने दिल्ली में रंगमंच कलाकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी. उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं.

ऋतुराज सिंह टीवी सीरीयल के साथ-साथ ओटीटी शो में भी जाना पहचाना चेहरा थे. उन्होंने ‘बनेगी अपनी बात’, ‘हिटलर दीदी’, ‘शपथ’, ‘अदालत’, ‘दीया और बाती हम’ जैसे टीवी सीरियल में भूमिका निभाई थी. इसके अलावा वह हिंदी फिल्मों और ओटीटी शो जैसे ‘बंदिश बैंडिट्स’, ‘मेड इन हेवन’ और ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में सहायक भूमिकाओं में नजर आए थे.

टीवी शो ‘मेरी आवाज ही पहचान है’ और लघु फिल्म ‘पेनफुल प्राइड’ में सिंह के साथ काम करने वाली अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में उनसे बात की थी. जोशी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, मुझे कल रात लगभग 12.30 बजे सिंह के निधन के बार में सूचना मिली थी…मैं अभी भी इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रही हूं. वह कुछ समय के लिए अस्पताल में भर्ती रहे थे और कल वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे…

सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ.ाई की थी और वह अभिनेता शाहरुख खान के करीबी दोस्त थे. वे दोनों बैरी जॉन के थिएटर एक्शन ग्रुप (टीएजी) का हिस्सा रहे थे. सिंह की मौत की खबर के बाद उनके थिएटर के दिनों के दौरान शाहरुख खान और अन्य लोगों के साथ घूमते हुए कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

‘इंडियन एक्सप्रेस’ को दिए एक पुराने साक्षात्कार में सिंह ने बताया था कि कैसे वह शाहरुख खान के कहने पर अभिनेता बने. उन्होंने बताया था, ”हम सच्चे दोस्त थे और वो मेरे जीवन के सबसे अच्छे दिन थे. मैं उनके कहने पर काम करने के लिए मुंबई आया. वह दिल्ली आते थे और मुझसे कहते थे, ‘तुम यहाँ क्या कर रहे हो? आओ, मुंबई चलते हैं.तुम बहुत अच्छे अभिनेता हो.” अभिनेता वरुण धवन, अरशद वारसी, हंसल मेहता और बॉलीवुड के कई लोगों ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया.

वरुण धवन ने ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ फिल्म में सिंह के बेटे की भूमिका निभाई थी. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में अभिनेता की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने स्टोरी पर लिखा, ‘# ओम शांति ! ऋतुराज सर. उनके साथ काम करके बहुत अच्छा समय बिताया और कुछ महीने पहले ही बेबी जॉन के सेट पर उनसे मुलाकात हुई थी.

अरशद वारसी ने कहा कि सिंह के निधन से उन्होंने एक दोस्त और एक अच्छा अभिनेता खो दिया. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,” मुझे यह जानकर बहुत दुख हुआ कि ऋतुराज का निधन हो गया. हम एक ही अपार्टमेंट में रहते हैं. वह एक निर्माता के रूप में मेरी पहली फिल्म का हिस्सा थे. मैंने एक दोस्त और बेहतरीन अभिनेता खो दिया… आपकी याद आएगी भाई.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav