आंबडेकर ने भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ ‘दुनिया का सिरमौर’ बनाने का कार्य किया : आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 06:57 PM
आंबडेकर ने भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ ‘दुनिया का सिरमौर’ बनाने का कार्य किया : आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्­तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने रविवार को ‘भारत रत्न’ बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि आंबेडकर ने भारतीय संविधान के शिल्पी के रूप में भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ ‘दुनिया का सिरमौर’ बनाने का कार्य किया.

यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा परिसर में आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्­यमंत्री योगी ने कहा, ”बड़े घर में जन्म लेकर बड़ा बनना एक उपलब्धि हो सकती है लेकिन एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर सामाजिक विसंगतियों और कुरीतियों के खिलाफ लड़ते हुए समाज को एक नई प्रेरणा देना महानता की पराकाष्ठा को प्रर्दिशत करता है.”

उन्­होंने कहा, ”डॉ आंबेडकर ने अपने संघर्षों, बुद्धिमत्ता व सूझबूझ से इस महानता को प्राप्त किया था. उन्होंने भारतीय संविधान के शिल्पी के रूप में भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ दुनिया का सिरमौर बनाने का कार्य किया. ” योगी ने कहा, ”उन्होंने न्याय, समता और स्वाधीनता की विषय वस्तु के साथ भारतवासियों के मन में नए उत्साह व उमंग का संचार किया.” मुख्­यमंत्री योगी ने यहां एक बयान में कहा कि प्रदेशवासियों को आंबेडकर की जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.

उन्होंने कहा, ”आज पूरा देश बाबा साहब की पावन जयंती को बड़े उत्साह और उमंग के साथ मना रहा है.” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में बिना भेदभाव के शासन की योजना का लाभ ”सबका साथ-सबका विकास” के भाव के साथ दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”बाबा साहेब के मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश में गरीब कल्याणकारी योजनाएं का संचालन कर रहे हैं. हर व्यक्ति को जीवन जीने के लिए बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति, जो बाबा साहेब की परिकल्पना थी, उसे मोदी सरकार व्यावहारिक धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है.” कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, अंबेडकर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सरोज आदि मौजूद रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu