अंजू और हर्षिता को एशियाई चैम्पियनशिप में मिला रजत, अनुभवी सरिता मोर खाली हाथ लौटी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 10:32 PM
अंजू और हर्षिता को एशियाई चैम्पियनशिप में मिला रजत, अनुभवी सरिता मोर खाली हाथ लौटी
ऑडियो सुनें

बिश्केक. अंजू और र्हिषता को एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक से संतुष्ट होना पड़ा जिससे इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक भारतीय पहलवानों से अब तक दूर है. भारतीय टीम को हालांकि 2021 विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता सरिता की हार से बड़ा झटका लगा. हाल ही में राष्ट्रीय चयन ट्रायल में 53 किग्रा वर्ग में विनेश फोगाट को हराकर सुर्खियां बटोरने वाली रेलवे की पहलवान अंजू ने फिलीपींस की आलिया रोज गावलेज और श्रीलंका की नेथमी अहिंसा फर्नांडो के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता से जीत दर्ज की.

सेमीफाइनल में उन्हें चीन की चेन लेई से कड़ी टक्कर मिली लेकिन वह 9-6 से जीत दर्ज करने में सफल रही. स्वर्ण पदक के लिए अंजू के सामने उत्तर कोरिया की जि हयांग किम की चुनौती थी. इस मुकाबले में अंजू एक भी अंक नहीं जुटा सकी और तकनीकी श्रेष्ठता से हार गयी. र्हिषता ने 72 किग्रा के फाइनल तक के सफर में सिर्फ तीन अंक गंवायें. उन्होंने उज्बेकिस्तान की ओजोदा जरीपबोएवा को तकनीकी श्रेष्ठता (13-3) से हराने के बाद कजाकिस्तान की अनास्तासिया पानासोविच को 5-0 से मात दी.

फाइनल में वह चीन की कियान जियांग की चुनौती से पार नहीं पा सकी. चीन की पहलवान ने उन्हें 5-2 से शिकस्त दी. सरिता अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला मंगोलिया की गंटुया एनखबत से 4-8 से हार गईं. 28 साल की यह खिलाड़ी इस श्रेणी में पदक की प्रबल दावेदार थी. सरिता को हराने के बाद एनखबात अपना सेमीफाइनल हार गईं, जिससे भारतीय पहलवान के लिए रेपेचेज का रास्ता बंद हो गया.

मनीषा भानवाला (62 किग्रा) और अंतिम कुंडू (65 किग्रा) ने कांस्य पदक के साथ अपना अभियान खत्म किया. भारतीय महिला पहलवानों ने कुल मिलाकर छह पदक (तीन रजत और तीन कांस्य) जीते. शनिवार को राधिका ने 68 किग्रा प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था जबकि शिवानी पवार ने कांस्य पदक हासिल किया था. पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में उदित (57 किग्रा) ने भारत को रजत पदक दिलाया जबकि अभिमन्यु (70 किग्रा) और विक्की (97 किग्रा) ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीता था. ग्रीको रोमन शैली की प्रतियोगिता सोमवार से शुरू होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu