Asiad : भारत को आज मिले सात पदक, स्क्वाश के बाद एथलीटों ने बिखेरा जलवा, मुक्केबाजों ने भी दिखाया दम, कुल 37 पदक हुए

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 27 Sep 2026 08:42 PM
Asiad : भारत को आज मिले सात पदक, स्क्वाश के बाद एथलीटों ने बिखेरा जलवा, मुक्केबाजों ने भी दिखाया दम, कुल 37 पदक हुए

ऑडियो सुनें

एशियन गेम्स में भारत के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। उम्मीद थी कि भारत अपने स्वर्ण पदक की संख्या में बढ़ोतरी करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आज भारत को स्क्वाश के साथ-साथ एथलेटिक्स में कई पदक मिले। भारत ने आज कुल सात पदक जीते और उसके पदकों की संख्या 37 तक पहुंच गई है।

एशियन गेम्स 2026 में रविवार का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए शानदार रहा। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत ने कुल पांच पदक अपने नाम किए। हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर में कांस्य पदक जीता, जबकि तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथलॉन में कांस्य अपने नाम किया। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में कांस्य पदक जीता। वहीं, एंसी सोजन ने महिलाओं की लंबी कूद और सरवेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया। वहीं, पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में भारत के अनिमेष कुजूर 20.80 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हीट्स में शानदार प्रदर्शन के बाद फाइनल में पहुंचे अनिमेष पदक की दौड़ में जगह नहीं बना सके।

भारत की अभिनया राजाराजन, स्नेहा शनुवली, शिवांकर सुदेशना और तमन्ना की चौकड़ी ने महिला 4×100 मीटर रिले के फाइनल में जगह बना ली। भारतीय टीम ने हीट-1 में 43.65 सेकेंड के सीजन बेस्ट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, ओवरऑल टाइमिंग में भारत चीन और थाईलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा। महिला 4×100 मीटर रिले का फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे खेला जाएगा।
विज्ञापन

मुक्केबाजी में भारत के तीन पदक पक्के
कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश पंघाल, परवीन और नरेंदर ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही भारत के तीन और पदक पक्के हो गए हैं। अंकुश ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 से हराया, जबकि महिलाओं के 65 किग्रा में परवीन ने उज्बेकिस्तान की नवबाखोर खामिदोवा को इसी अंतर से मात दी। भारत के नरेंदर बेरवाल ने थाईलैंड के अदथापोंग सेंगटेप को शानदार अंदाज में हराया।

महिला हॉकी टीम की बड़ी जीत
सुनेलिता टोप्पो के दो गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एशियन गेम्स के अपने अंतिम पूल बी मैच में सिंगापुर को 7-0 से रौंद दिया। महिला टीम का अब सेमीफाइनल में सामना कोरिया से होगा। भारत ने पांच मैच में पांच जीत के साथ पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब सेमीफाइनल 30 सितंबर को होगा। भारत के लिए कप्तान सलीमा टेटे (17वें मिनट), सुनेलिता (22वें, 24वें), लालरेमसियामी (26वें), रुतुजा दादासो पिसाल (29वें), निक्की प्रधान (35वें) और दीपिका (55वें) ने गोल किए।

By Navabharat News Group